Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

दिल्ली चुनाव के प्रचार में कूदीं दीपिका पांडे, कहा- कांग्रेस महिलाओं को सशक्त बनाने का काम करती है

दिल्ली चुनाव के प्रचार में कूदीं दीपिका पांडे, कहा- कांग्रेस महिलाओं को सशक्त बनाने का काम करती है

New Delhi news : झारखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कांग्रेस जुमले की नहीं, जरूरतमंदों की पार्टी है। जहां भी कांग्रेस या उसके गठबंधन वाली सरकार है, वह महिलाओं को केन्द्र में रखते हुए उनके सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है। इस मामले में उन्होंने हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और झारखंड का उदाहरण दिया। झारखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री दीपिका पांडेय सिंह मंगलवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर देश को ‘लाडली’ शब्द से योजना देनेवाली पहली मुख्यमंत्री शीला दीक्षित थीं। उन्होंने अपनी सरकार में यह सुनिश्चत किया था कि कोई भी बच्ची अगर अस्पताल में पैदा होती है, तो उसे सरकार की तरफ से 11 हजार रुपये और अगर अस्पताल में पैदा न हुई हो, तो 10 हजार रुपये दिये जायेंगे। इसी क्रम में उन्होंने 01 से लेकर 12वीं कक्षा तक लड़कियों की शिक्षा के लिए 25 हजार रुपये देने का एलान किया था। पांडेय ने कहा कि शीला सरकार ने बुजुर्ग, दिव्यांग और एकल महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा के लिए 600 रुपये से शुरू कर 1500 रुपये तक दिये थे। ऐसे ही हिमाचल प्रदेश सरकार महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की सहयोग राशि दे रही है। कर्नाटक में भी कांग्रेस सरकार महिलाओं को प्रतिमाह दो हजार रुपये दे रही है। तेलंगाना सरकार भी महिलाओं को स्वतंत्र करने के लिए ट्रांसपोर्टेशन योजना और आवास दे रही है।

कांग्रेस महिलाओं को सशक्त बना रही

उन्होंने दावा किया कि जहां भी कांग्रेस पार्टी और गठबंधन की सरकार है, वहां महिलाओं को सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है, लेकिन आम आदमी पार्टी (आआपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिर्फ वादे करती हैं, उन्हें पूरा नहीं करती हैं। आआपा और भाजपा को कटघरे में खड़ा करते हुए मंत्री ने कहा कि दिल्ली में बिहार, झारखंड यानि पूर्वांचल के लोग जब छठ पर्व पर यमुना तट पर जाते हैं, तो पता चलता है कि हमारी आस्थाओं के साथ केन्द्र में सत्तारूढ़ भाजपा और दिल्ली में सत्तारूढ़ आआपा किस तरह खिलवाड़ कर रही हैं। मैली यमुना इसकी ताजा मिसाल है। यमुना दिल्ली में पहुंचते ही हजारों गुना अधिक प्रदूषित हो जाती है। दिल्ली आज कचरे के ढेर और वायु प्रदूषण की गिरफ्त में है।

आप ने 10 साल में सिर्फ जनता को ठगा

उन्होंने कहा कि आआपा ने 10 साल में यहां विकास के नाम पर जनता को सिर्फ ठगा है। उन्होंने आआपा संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना करते हुए कहा कि वे वादों, आंकड़ों और बयानों की जादूगरी करते हैं। महिलाओं को आर्थिक सम्बल देने के मामले में आआपा ने पंजाब और दिल्ली में अब तक क्या किया है, वह सबको मालूम है। महिलाएं उनके वादों पर भरोसा कर अब अपने को ठगी महसूस कर रही हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा जिस भी राज्य में चुनाव आते हैं, वहां भाजपा की ओर से बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं का मुद्दा जोरशोर से उठाया जाता है। चुनाव खत्म होने के बाद उनके लिए ये कोई मुद्दा नहीं रह जाता है।

कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर

पत्रकार वार्ता के दौरान पार्टी नेता अमृता धवन ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं होता। भाजपा और आआपा के लोग वादे जरूर करते हैं, लेकिन उसे पूरा नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में महिलाओं के साथ दुष्कर्म और अपहरण के आंकड़े दिल दहलानेवाले हैं। दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आतिशी ने महिला होकर भी महिलाओं के बारे में कुछ नहीं किया। कांग्रेस प्यारी दीदी योजना इसलिए लायी है कि कांग्रेस महिलाओं के बारे में सोचती है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि इस बार विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने कांग्रेस को जिताने का मन बना लिया है।

Share this:

Latest Updates