राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और अन्य नेताओं ने दीं शुभकामनाएं, प्रभु यीशु के पुनरुत्थान का पर्व नयी उम्मीदों का प्रतीक
New Delhi news : देशभर में रविवार को ईस्टर का त्योहार श्रद्धा, प्रेम और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह पर्व प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान की याद में हर वर्ष गुड फ्राइडे के बाद पहले रविवार को मनाया जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं व गण्यमान्य नागरिकों ने देशवासियों को बधाई दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ईस्टर की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, ‘इस अवसर पर हम ईसा मसीह के पुनरुत्थान का जश्न मनाते हैं। यह त्योहार नयी उम्मीद और नयी शुरुआत की भावना को प्रेरित करता है। ईसा मसीह की शिक्षाएं मानवता को प्रेम और त्याग के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं। आशा और आनन्द का यह त्योहार सभी के लिए शांति और समृद्धि लाये।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लिखा, ‘सभी को ईस्टर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह ईस्टर विशेष है, क्योंकि दुनिया भर में जुबली वर्ष को बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। यह पवित्र अवसर प्रत्येक व्यक्ति में आशा, नवीनीकरण और करुणा की प्रेरणा दे, चारों ओर आनन्द और सद्भाव हो।’ यहां बताते चलें कि जुबली वर्ष हर 25 वर्षों में एक बार आता है, जिसे पोप द्वारा विशेष रूप से अनुग्रह, क्षमा और आध्यात्मिक नवीनीकरण के समय के रूप में घोषित किया जाता है।
कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी अपने संदेश में कहा, ‘आपको और आपके प्रियजनों को ईस्टर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह आनन्दमय अवसर सभी के जीवन में नया आरम्भ, नयी आशा और स्थायी सुख-शांति लेकर आये।
क्यों मनाया जाता है ईस्टर ?
ईस्टर ईसाई धर्म का सबसे पवित्र पर्व माना जाता है। मान्यता के अनुसार, प्रभु यीशु मसीह को लोगों के पापों के प्रायश्चित हेतु क्रूस पर चढ़ाया गया था, जिसे गुड फ्राइडे कहा जाता है। लेकिन, इसके तीन दिन बाद रविवार को वह पुनर्जीवित हो उठे। इस चमत्कार को ईश्वर की शक्ति और जीवन की जीत के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। इस दिन गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाती हैं, मोमबत्तियां जलायी जाती हैं और लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं। बच्चों में खास तौर पर ईस्टर एग्स और ईस्टर बनी की परम्परा भी लोकप्रिय है।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को ईस्टर की दीं शुभकामानाएं
Ranchi news : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्यवासियों को ईस्टर की शुभकामानाएं दी हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर रविवार को पोस्ट कर सभी को हैप्पी ईस्टर कह कर बधाई दी है। ईसाई समुदाय का महत्त्वपूर्ण पर्व ईस्टर रविवार को मनाया जा रहा है। इसी दिन प्रभु यीशु का पुनर्जन्म हुआ था। इस अवसर पर सुबह से ही राजधानी रांची के अलग-अलग कब्रिस्तान जाकर लोग पूर्वजों की कब्र पर मोमबत्ती और फूल-माला चढ़ा कर याद कर रहे हैं।



