– 

Bengali
 – 
bn

English
 – 
en

Gujarati
 – 
gu

Hindi
 – 
hi

Kannada
 – 
kn

Malayalam
 – 
ml

Marathi
 – 
mr

Punjabi
 – 
pa

Tamil
 – 
ta

Telugu
 – 
te

Urdu
 – 
ur

होम

वीडियो

वेब स्टोरी

गांव जड़ है, आत्मा है, केंद्र से बकाया राशि वापस मिले, तो जनकल्याण का कार्य होगा : हेमन्त सोरेन

IMG 20231205 WA0005

Share this:

गिरिडीह में ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री 

Jharkhand top news, Jharkhand latest Hindi news, Ranchi top news, Ranchi  latest Hindi news, Giridih top news, CM Hemant Soren: 

 गांव किसी भी राज्य की जड़ होते हैं। गांव सशक्त होगा, तभी राज्य मजबूत होगा। सरकार की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। इस कड़ी में ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वर्तमान सरकार के गठन से पूर्व ऐसा किसी सरकार ने नहीं किया था। आज पदाधिकारी आपकी समस्या का समाधान आपके द्वार पर कर रहे हैं। चंद घंटों में आपकी समस्याओं का समाधान हो रहा है। राज्य भर की पंचायतें और गांव में शिविर के आयोजन हो रहे हैं, ताकि अंतिम व्यक्ति को सरकार की योजना का लाभ मिल सके। ये बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहीं। मुख्यमंत्री गिरिडीह के झंडा मैदान में आयोजित ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार आपके द्वार के विगत दो चरणों में लाखों आवेदन प्राप्त हुए थे। अगर पूर्व की सरकारों द्वारा लोगों की समस्या का समाधान किया गया होता, तो आज स्थिति कुछ और होती। लेकिन, यह आपकी सरकार है, जो आपकी समस्याओं के समाधान हेतु आपके द्वार पहुंच रही है। पदाधिकारी राज्यवासियों की सेवा में लगे हैं, जबकि पूर्व की सरकारों ने इन्हें अपनी सेवा में लगा रखा था। 

विद्युत उत्पादन की ओर बढ़ेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार अगर राज्य सरकार की बकाया राशि एक लाख 36 हजार करोड़ का भुगतान करे, तो राज्यवासियों के कल्याण हेतु कई महत्त्वपूर्ण कार्य हो सकेंगे। लाखों की संख्या में जरूरतमंदों को आवास, युवाओं की शिक्षा के लिए हजारों की संख्या में कॉलेज, लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति समेत अन्य जन कल्याण कार्य राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। केन्द्र सरकार द्वारा बिजली का 1200 करोड़ रुपये झारखण्ड का ले लिया गया और बिजली उपलब्ध कराने में भी कटौती की जाती रही। लेकिन, राज्य सरकार जल्द खुद का बिजली संयंत्र लगाने की कार्ययोजना पर आगे बढ़ रही है। 

बेटियों की पढ़ाई की चिन्ता नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बेटियों को अपने पढ़ाई को लेकर चिन्ता करने की जरूरत नहीं। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के अतिरिक्त गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ भी सरकार दे रही है। अब उच्च शिक्षा और प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी में योजना सहायक बनेगी। सरकार इस हेतु आर्थिक सहयोग करेगी। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से अबतक सरकार ने करीब आठ लाख किशोरियों को जोड़ा है।

संस्थान प्रखंड स्तर पर स्थापित किये गये

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो संस्थान जिला स्तर पर संचालित होते थे, वैसे संस्थानों को प्रखंड स्तर पर भी संचालित किया जाने लगा है। इसका प्रतिफल है कि कौशल प्राप्त हजारों युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया। नियुक्ति प्रक्रिया भी जारी है। आनेवाले दिनों में अन्य नियुक्तियां निकली जायेंगी। नियुक्ति नियमावली की अड़चनों को दूर कर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री सत्यानन्द भोक्ता, श्रीमती बेबी देवी, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक डॉ. सरफराज अहमद, बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, उपायुक्त गिरिडीह, आरक्षी अधीक्षक गिरिडीह एवं हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।

आदिवासी छात्रावास, गिरिडीह के छात्रों के कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री 

आदिवासी छात्रावास गिरिडीह में मल्टीपर्पस हॉल, पुस्तकालय, छात्रावास की चारदीवारी कार्य तथा छात्रावास में रसोईया की व्यवस्था का प्रयास जल्द किया जायेगा। गिरिडीह कॉलेज में पीजी की पढ़ाई जल्द शुरू हो, इसके लिए कार्ययोजना जल्द तैयार की जायेगी। ये बातें मुख्यमंत्री  हेमन्त सोरेन ने कहीं। मुख्यमंत्री सोमवार को आदिवासी छात्रावास गिरिडीह में छात्रों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए आगे बढ़ रही है। यहां के लोग सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से कैसे सशक्त हों,  इसके लिए सरकार तत्परता के साथ कार्य कर रही है। इस राज्य को हम सभी लोग मिल-जुल कर विकास की राह में तेज गति से आगे बढ़ायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक मैं हूं, आदिवासी समाज का कुछ भी अहित नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी संस्कृति का संरक्षण जरूरी है। यहां के धार्मिक स्थल जाहेर थान की घेराबंदी का कार्य होगा। इस देश में आदिवासियों का विशेष स्थान होना चाहिए। इस अवसर मंत्री बेबी देवी, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक डॉ. सरफराज अहमद, जिला परिषद सदस्य हेंगा मुनि मुर्मू एवं अन्य मौजूद थे।

IMG 20231205 WA0006

Share this:




Related Updates


Latest Updates