▪︎ मलबे में दबे घर और गाड़ियां, चारों तरफ तबाही का मंजर
Jammu News : जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रविवार सुबह भारी बारिश के बाद बादल फट गया। बादल फटने से अब तक तीन लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। यह हादसा रामबन के सेरी बागना इलाके में हुआ, जहां अचानक आयी बाढ़ और पहाड़ी मलबे ने कई घरों और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। राहत और बचाव कार्य जारी है और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात हैं।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, भारी बारिश के चलते पहाड़ों से मलबा गांव की तरफ बह गया, जिससे कई मकान और वाहन मलबे में दब गये। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने आपात स्थिति घोषित कर दी है।
इसी बीच रामबन के बनिहाल क्षेत्र में भी कई जगह लैंडस्लाइड होने की खबर है। लैंडस्लइड से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को एहतियातन बंद करना पड़ा है। हाईवे पर सैकड़ों वाहन जाम में फंसे हुए हैं। इसके अलावा किश्तवाड़-पद्दर मार्ग भी भूस्खलन के कारण बंद कर दिया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम साफ होने तक अनावश्यक यात्रा न करें।
घटनास्थल के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें पहाड़ से मलबा गिरते हुए साफ देखा जा सकता है। इन वीडियो में कुछ टैंकर और अन्य वाहन मलबे में पूरी तरह दबे हुए दिखाई दिये हैं। कुछ होटल और घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
खराब मौसम के कारण छह उड़ानें रद्द
कश्मीर घाटी में खराब मौसम के कारण शनिवार को छह उड़ानें रद्द कर दी गयीं। अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता और दिल्ली से आने वाली इंडिगो की तीन उड़ानें रद्द कर दी गयीं, जिसके परिणामस्वरूप उनकी प्रस्थान उड़ानें भी रद्द की गयीं। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण इंडिगो ने श्रीनगर से जम्मू जानेवाली उड़ान भी रद्द कर दीं। अधिकारियों ने बताया कि स्पाइसजेट ने शाम को जानेवालीं दो उड़ानें रद्द कर दीं। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य उड़ानें भी विलम्बित रहीं। इस बीच, जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के एक सुदूर गांव में खराब मौसम का असर दिखा और शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक महिला घायल है। पिछले 24 घंटों में कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में आकाशीय बिजली कड़कने और गरज के साथ बारिश हुई है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा।



