Kedarnath Dham news : बाबा केदारनाथ के दर्शनों के लिए लगने वाली भीड़ की सुरक्षा और व्यवस्था बनाये रखने के मद्देनजर प्रशासन ने इस साल टोकन प्रणाली लागू की है, जिससे सभी यात्रियों को आसानी से बाबा के दर्शन हो रहे हैं।
देहरादून से केदारनाथ आये शुभ कुमार ने कहा कि टोकन व्यवस्था से भीड़ काबू में है, जिससे वह आसानी से दर्शन कर पाये। छत्तीसगढ़ से आयी डॉ. दीपिका ने बताया कि टोकन व्यवस्था होने से उन्हें सुबह से लाइन में नहीं लगना पड़ा और निर्धारित टाइम स्लॉट पर वह आसानी से दर्शन कर पायी। गाजियाबाद और मुरादाबाद से आए श्रद्दालुओं ने भी टोकन व्यवस्था पर प्रशासन की तारीफ की।
जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन बाबा केदारनाथ के दर्शनों के देश दुनिया से पहुंचनेवाले श्रद्धालुओं का यात्रा अनुभव सुखद एवं सुगम बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में मंदिर परिसर के प्रवेश से पहले ही हेलीपैड के समीप टोकन सिस्टम लगाया गया है, ताकि दर्शनों से पहले ही यात्री को उसके नम्बर की जानकारी मिल जाये। इस बीच यात्री केदारपुरी घूम सकेंगे।
इस बार प्रशासन ने गौरीकुंड से शुरू होनेवाले पैदल मार्ग पर जगह जगह रैन शेल्टर बनाये हैं। इससे यात्रियों को बारिश से राहत मिल रही है। इसी तरह केदारपुरी में श्रद्धालुओं को अब फ्री वाईफाई की सुविधा भी उपलब्ध हो गयी है।



