▪︎ दो नामजद समेत छह अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी
▪︎ बक्सर जिले से आई बरात में हो गई थी झड़प और मारपीट
Aara News : भोजपुर जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के शिवराजी टोला गांव में मंगलवार की देर रात बरात में नाच के दौरान हुए विवाद को लेकर दूल्हे के भाई को चाकू घोंपकर घायल कर दिया गया। घायल युवक 32 वर्षीय राजकुमार यादव उर्फ लल्लू यादव बक्सर जिला के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कांटे गांव निवासी श्रीकांत यादव के पुत्र है। रिश्ते में दूल्हे के बड़े भाई हैं। घायल युवक को चाकू दाएं साइड कमर के पास लगा है। उपचार के लिए उसे आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, घटना की सूचना पर धनगाई थानाध्यक्ष रितेश दुबे पुलिस बल के साथ आरा शहर के बाबू बाजार अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से मिलकर घटना की जानकारी ली। इसे लेकर घायल ने लड़की के चचेरे भाई शिवराजी टोला निवासी गोलू यादव तथा आरा के शीतल टोला निवासी मिठाई यादव समेत छह अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है। आरोपित मिठाई यादव पुलिस रिकार्ड में पहले से हिस्ट्रीशीटर रहा है। उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।



