Darbhanga news : बिरौल थाना के शिवनगर घाट में आर्केस्ट्रा की नर्तकी के साथ मारपीट व छेड़खानी की गई। बचाव में नर्तकी ने तीन युवकों को चाकू घोंप दिया। नर्तकी समेत चारों को उपचार के लिए दरभंगा मेडिकल कालेज अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। जिसमें नर्तकी व एक युवक की हालत गंभीर है। घटना शुक्रवार अलसुबह की है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बिरौल थाना क्षेत्र के पोखराम गांव में उपनयन संस्कार का आयोजन किया गया था। जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम में घनश्यामपुर के कोर्थू से आर्केस्ट्रा कलाकारों को बुलाया गया था। रात में प्रोग्राम के बाद पांच नर्तकी और उदघोषक महादेव टेंपो से कोर्थू लौट रहे थे। बिरौल थाना के शिवनगर घाट चौक के समीप पहले से जमा कुछ युवकों ने टेंपो को रोक दिया। टेंपो सवार एक नर्तकी का बाल खींचकर नीचे उतार लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। इस दौरान अपने कपड़े में काले रंग के रुमाल में छिपाकर कर रखी चाकू से नर्तकी ने युवकों पर हमला बोल दिया। जिसमें बिरौल के शिवनगर घाट निवासी विजयकांत मिश्रा का पुत्र शिवम मिश्रा (19), 17 वर्षीय किशोर एवं शिवम कुमार सिंह (19) को चाकू लगी। वहीं युवकों की पिटाई से नर्तकी भी बेहोश हो गई। मारपीट के बाद अन्य साथी कलाकार वहां से टेंपो से भाग गए। ग्रामीणों ने चारों को बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से सभी को डीएमसीएच भेज दिया गया। इस बाबत पूछने पर बिरौल थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले की अब तक जानकारी नहीं है।
घायलों में नर्तकी और शिवम सिंह की हालत नाजुक बताई जा रही है। शिवम के पेट से उसकी आंत बाहर आ गया थी। डीएमसीएच के डाक्टरों ने करीब तीन घंटे तक आपरेशन करके बाहर निकले आंत को भीतर कर दिया। लेकिन अभी उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। नर्तकी मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली है और अलीनगर थाना क्षेत्र के पुनहद में किराया पर कमरा लेकर रहती है। उसके होश में आने पर ही पूरे पता की जानकारी हो सकेगी।



