Motihari news : जिले के घोड़ासहन थाना की पुलिस ने शुक्रवार को एक युवक व एक किशोरी की हत्या के मामले में दंडाधिकारी की मौजूदगी में थानाक्षेत्र के भटिनिया गांव के सरेह से मिट्टी खोदकर एक मानव कंकाल निकाला है। कंकाल की जांच के लिए फारेंसिक साइंस लेबोरेटरी में भेजा जाएगा। शव की जांच होने के बाद पुलिस डीएनए जांच कराएगी। थानाध्यक्ष अनुज कुमार पांडेय ने बताया कि भटिनिया गांव निवासी युवक संदीप कुमार की हत्या 26 अप्रैल की रात करने के बाद उसके शव को मक्के के खेत में फेंक दिया गया था। 27 अप्रैल की सुबह संदीप का शव मिला।
इस सिलसिले में युवक के पिता रामविलास प्रसाद ने स्थानीय थाना में 29 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को दिए आवेदन में किशोरी के स्वजनों पर अपने पुत्र की हत्या के साथ-साथ किशोरी की भी हत्या कर देने की बात कही। रामविलास ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र का प्रेम संबंध गांव की ही एक युवती के साथ चल रहा था। इस बीच जब इस बात की भनक किशोरी के स्वजनों को लगी तो सभी ने मिलकर किशोरी व मेरे पुत्र की हत्या कर दी। पुलिस को सुराग मिला कि किशोरी के शव को हत्या के बाद मिट्टी में दफनाया गया है। सूचना के मिलने के साथ पुलिस ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में शुक्रवार को जमीन की खोदाई कर एक कंकाल निकाला। पुलिस किशोरी के स्वजनों की भी खोज कर रही है, ताकि वस्तुस्थिति साफ हो सके।



