Jammu : भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के बीच सीमा पार से की गयी भारी गोलाबारी से जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और पुंछ में घरों और धार्मिक स्थलों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने हमलों के बावजूद भारतीय सेना के साथ खड़े रहने की कसम खायी है।
उरी में पाकिस्तान की गोलाबारी में घरों और सम्पत्तियों को भी भारी नुकसान हुआ है। पाकिस्तान ने नागरिक इलाकों को निशाना बना कर हमला किया है। पुंछ में नागरिक इलाकों में घरों और पानी की टंकियों को भारी नुकसान पहुंचा है। पुंछ निवासी बलबीर सिंह ने कहा कि उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया है। आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान ने गुरुद्वारा, मंदिर और मस्जिद पर गोलाबारी की है। उन्होंने कहा कि लोग डरे हुए जरूर हैं, लेकिन उनमें यह जज्बा है कि वह यहां रहना जारी रखेंगे और भारतीय सेना के साथ खड़े रहेंगे।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने शनिवार को जम्मू में आप शम्भु मंदिर के पास के इलाके की घेराबंदी कर दी है। यहां पाकिस्तान ने हमला किया है। एसडीआरएफ कर्मियों ने पुष्टि की, कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मंदिर के पास रहनेवाले एक निवासी ने कहा कि शम्भु मंदिर में लोग सुबह पूजा करने आते हैं, लेकिन सायरन बजने के कारण यहां कम लोग थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जायेगा।
इस बीच जम्मू पुलिस और अन्य एजेंसियां घटनास्थल से प्रेक्षापास्त्र के टुकड़े बरामद करने के लिए काम कर रही हैं। जम्मू के बिश्नाह और लासजान इलाकों में प्रेक्षापास्त्र बरामद किये गये हैं। अखनूर में भी छर्रे और मलबा मिला, हालांकि कोई बड़ी संरचनात्मक क्षति की सूचना नहीं है।
इस बीच शनिवार को तड़के भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 04 एयरबेसों पर हमला किया है। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान ने भारत में 26 ठिकानों पर हमला किया। इसके तुरंत बाद भारत ने जवाबी हमला किया। नियंत्रण रेखा पर कई जगहों पर अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही।



