Dhanbad news: वर्ष 2025 की दूसरी नेशनल लोक अदालत ने न्याय के इतिहास में एक सुनहरा अध्याय जोड़ दिया। केवल दो घंटों में ही 1 अरब 9 करोड़ 37 लाख 14 हजार 556 रुपये की रिकॉर्ड रिकवरी के साथ 2 लाख 40 हजार 702 मामलों का शांतिपूर्ण समाधान कर दिखाया गया कि लोक अदालतें सिर्फ कानून का मंच नहीं, बल्कि भरोसे की ज़मीन हैं। इस अदालत का उद्घाटन झालसा रांची से ऑनलाइन माननीय न्यायमूर्ति सुजित नारायण प्रसाद ने किया, जबकि धनबाद में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा चेयरमैन श्री वीरेंद्र कुमार तिवारी ने इसकी औपचारिक शुरुआत की।
दर्द से राहत: ब्रिजमणि को मिला न्याय
इस ऐतिहासिक अवसर पर एक भावुक क्षण तब सामने आया जब एक सड़क दुर्घटना में पति को खो चुकीं ब्रिजमणि शर्मा को 99 लाख रुपये का मुआवजा चेक सौंपा गया। मंच पर जब उन्हें चेक मिला, तो उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उन्होंने कहा, “डालसा ने मुझे एक नई ज़िंदगी दी है। उनके पति, प्रोफेसर राजेन्द्र प्रसाद शर्मा, वर्ष 2019 में कॉलेज जाते समय एक ऑटो की टक्कर से काल का शिकार हो गए थे। अधिवक्ता बी.के. सिन्हा के प्रयासों से यह न्याय संभव हो सका।
समाधान के आंकड़े चौंकाने वाले:
2,40,702 विवादों का निपटारा
2,07,485 प्री-लिटिगेशन मामले सुलझाए गए
33,217 लंबित मुकदमों का निपटारा
1 अरब 9 करोड़ 37 लाख से अधिक की राशि की वसूली
जीवन को दिशा देने वाली मिसालें
शुभम सिंह को 50 लाख रुपये का रेस्टोरेंट खोलने के लिए लोन
बबीता देवी को 20 लाख रुपये मुर्गी पालन हेतु
मां इलेक्ट्रॉनिक्स को 10 लाख रुपये लोन समाधान
दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल व प्रमाणपत्र
4 अनाथ बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ते हुए पढ़ाई के लिए 4-4 हजार रुपये के चेक वितरित
नेताओं और न्यायाधीशों की बातें
न्यायाधीश तिवारी: “नेशनल लोक अदालत संविधान में निहित सुलभ, सस्ता और त्वरित न्याय की भावना को साकार करती है।”
अपर समाहर्ता विनोद कुमार: “यह आम आदमी की अदालत है, प्रशासन के सहयोग के बिना संभव नहीं।”
सीटी एसपी अजीत कुमार: “यह मंच लोगों को कोर्ट की भागदौड़ से बचाकर मानसिक शांति देता है।”
मयंक तुषार टोपनो (सचिव, डालसा): “इस अदालत का उद्देश्य प्रेम, समरसता और न्याय के साथ समाज को जोड़े रखना है।”
संचालन व सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन एलएडीसीएस के सुमन पाठक और मुस्कान चोपड़ा ने किया। मंच पर न्यायिक, प्रशासनिक, विधिक और सामाजिक क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं, जिनकी सक्रिय भूमिका से यह आयोजन अभूतपूर्व रूप से सफल रहा।



