▪︎ पाकिस्तान के लिए जासूसी के लगे हैं गम्भीर आरोप
Hisar News: मशहूर यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में सोमवार को 19 मई को हिरासत में ले लिया है। सोमवार को एनआईए की एक टीम हिसार पहुंची थी। यहां पूछताछ के बाद ज्योति को चंडीगढ़ ले गयी। अब उससे आतंकी नेटवर्क और टेरर कनेक्शन को लेकर गहन पूछताछ की जायेगी। जम्मू इंटेलिजेंस यूनिट भी इस मामले में अपनी जांच करेगी।
यूट्यूबर ज्योति पहलगाम आतंकी हमले से पहले कश्मीर गयी थी
सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार, हिसार पुलिस की हिरासत में रही ज्योति को अब एनआईए टीम ने गिरफ्तार कर चंडीगढ़ अपने साथ ले गयी है। बताया जा रहा है कि यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले से पहले कश्मीर गयी थी। वह पहलगाम, गुलमर्ग, डल लेक और लद्दाख की पैंगॉन्ग लेक तक पहुंची थी। यह इलाका चीन सीमा से सटे लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) के नजदीक है। इन सभी जगहों के वीडियो उसने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किये थे, जिसे अब जांच एजेंसियां खंगाल रही हैं।
हिसार पुलिस ने भी ज्योति के घर दबिश दी थी और वहां से कुछ दस्तावेज जब्त किये थे
इससे पहले रविवार रात हिसार पुलिस ने भी ज्योति के घर दबिश दी थी और वहां से कुछ दस्तावेज जब्त किये थे। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि उसकी कश्मीर यात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की आयी बाढ़
सोशल मीडिया पर ज्योति की गिरफ्तारी के बाद प्रतिक्रियाओं की बाढ़-सी आ गयी। लोग उसे ‘देशद्रोही’ और ‘पाकिस्तानी खातून’ कह कर ट्रोल कर रहे हैं। वहीं, एक चौंकानेवाला ट्रेंड यह भी देखने को मिला कि गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 12 हजार से ज्यादा नये फॉलोअर्स जुड़ गये। हालांकि, उसका इंस्टाग्राम अकाउंट अब बैन कर दिया गया है, जिस पर 1.39 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे।



