▪︎ मौजूदा समय में उभरतीं सुरक्षा चुनौतियों के सामने परिचालन तत्परता पर दिया जोर
New Delhi News: ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ स्थगित होने के बाद चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान सोमवार को सशस्त्र बलों का मनोबल बढ़ाने के लिए रणनीतिक रूप से महत्त्वपूर्ण सूरतगढ़ सैन्य स्टेशन और नालिया वायु सेना स्टेशन पहुंचे। उन्होंने अग्रिम सैन्य ठिकानों का दौरा किया और सैनिकों से बातचीत के दौरान मौजूदा समय में उभरती सुरक्षा चुनौतियों के सामने परिचालन तत्परता पर जोर दिया।
राजस्थान के श्री गंगानगर में सूरतगढ़ सैन्य स्टेशन और गुजरात में नालिया में स्थित वायु सेना के नालिया एयर फोर्स स्टेशन में सीडीएस ने कार्मिकों की परिचालन तैयारियों और उच्च मनोबल की सराहना की तथा भविष्य के खतरों का प्रभावी ढंग से जवाब देने की उनकी क्षमता पर विश्वास व्यक्त किया। सीडीएस के साथ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह, आर्मी कमांडर साउथ वेस्टर्न कमांड और एयर मार्शल नागेश कपूर, एयर आॅफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, साउथ वेस्टर्न एयर कमांड भी थे।
‘आॅपरेशन सिन्दूर’ के दौरान इस्तेमाल की गयी नवीनतम और मजबूत वायु रक्षा प्रणालियों के बारे में सीडीएस को जानकारी दी गयी। जनरल चौहान ने यात्रा के दौरान वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के साथ रणनीतिक चर्चा भी की। इस यात्रा में ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ के दौरान सैनिकों के दिखाये गये अनुकरणीय साहस को गर्व की भावना के साथ दर्शाया गया। जनरल चौहान ने आॅपरेशन के दौरान सैनिकों की असाधारण वीरता और व्यावसायिकता की सराहना की।
पाकिस्तान की ओर से सुरक्षा भंग करने के कई प्रयासों को बेअसर करने में सैनिकों के दृढ़ साहस पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वे सैन्य व्यावसायिकता के उच्चतम मानकों को बनाये रखते हैं। सीडीएस ने निर्णायक ताकत के साथ किसी भी चुनौती का जवाब देने के लिए हमेशा तैयार रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। अपने सम्बोधन में सीडीएस जनरल चौहान ने स्थानीय नागरिक प्रशासन को भी उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और ऐसी गम्भीर स्थिति में सैन्य-नागरिक तालमेल के महत्त्व को रेखांकित किया।
0000000000000000



