Patna news : बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे एनडीए और महागठबंधन के अन्दर सीट बंटवारे पर चर्चा तेज हो गयी है। हालांकि, महागठबंधन के अंदर सीटों को लेकर सहमति बनने में मतभेद की खबर सामने आ रही है। लेकिन, एनडीए में सीट शेयरिंग पर सहमति बनने के दावे किये जा रहे हैं। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, एनडीए ने बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए एक संतुलित समीकरण तैयार किया है, जिसमें सभी सहयोगी दलों को उनकी ताकत और प्रभाव के आधार पर हिस्सेदारी मिलेगी।
बिहार एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सीट बंटवारे में कोई दिक्कत नहीं होगी। एनडीए के सभी घटक दलों में बेहतर तालमेल है और कहीं से भी कोई समस्या नहीं होगी। फिलहाल, सीट बंटवारे पर कुछ भी तय नहीं हुआ है, लेकिन समझदारी के स्तर पर बेहतर तालमेल हो गया है, जिससे गठबंधन मजबूत बना हुआ है।
एनडीए सूत्रों के अनुसार इस बार जेडीयू 101 से 105 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं, बीजेपी भी 101 से 105 सीटों पर ही चुनाव लड़ सकती है। जबकि, बाकी सीटें छोटे सहयोगी दलों लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम), और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के बीच बांटेगी। इस बार, चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास) के एनडीए में शामिल होने से समीकरण बदले हैं। वहीं, चिराग की पार्टी 22 से 25 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। इसके अलावा मांझी की पार्टी को 05 से 07 और उपेन्द्र कुशवाहा को 05 सीटें दी जा सकती हैं।
बता दें कि 2020 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ कर 74 सीटें जीती थीं, जबकि जेडीयू ने 115 सीटों पर लड़ कर 43 सीटें हासिल की थीं।



