Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

अवैध घुसपैठ जारी रखना चाहती हैं ममता : अमित शाह

अवैध घुसपैठ जारी रखना चाहती हैं ममता : अमित शाह

भारत की शांति भंग करने की कोशिश करनेवालों को मिलेगा करारा जवाब

Kolkata News : केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित रैली को सम्बोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो भी भारत की शांति भंग करने की कोशिश करेगा, उसे करारा जवाब मिलेगा। गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अन्दर 100 किलोमीटर तक जाकर आतंकी अड्डों को नष्ट किया और 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया। लेकिन, इस सफलता से ममता दीदी को पेट में दर्द हो गया। गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब इस अभियान की सफलता के बाद बंगाल आये, तो ममता बनर्जी ने इसका राजनीतिक विरोध करते हुए ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया। प्रधानमंत्री के समर्थन के बजाय मुख्यमंत्री ने माताओं-बहनों की भावनाओं से खिलवाड़ किया।
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह ममता बनर्जी ने ‘आॅपरेशन सिन्दूर‘ के नाम को ‘राजनीतिक’ करार दिया था। उनका यह बयान उसी दिन आया जब प्रधानमंत्री मोदी ने अलीपुरद्वार से एक जनसभा में राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा और हिन्दुओं पर अत्याचार जैसे मुद्दों पर तीखा प्रहार किया था।
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कांटेदार बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि आवंटित नहीं की। उन्होंने दावा किया कि वह अवैध घुसपैठ जारी रखना चाहती हैं, ताकि उनकी सरकार बनी रहे और बाद में उनका भतीजा मुख्यमंत्री बने।
अमित शाह ने वादा किया कि अगर वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में आती है, तो पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्याओं में शामिल लोगों को खोज कर सजा दिलायी जायेगी। राज्य में प्रशासन के हर स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेता इससे लाभान्वित हुए, जबकि आम लोग पीड़ित हुए।
उन्होंने मुर्शिदाबाद में हुए दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि पहले ही केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गयी होती, तो हिन्दुओं की जान बचायी जा सकती थी। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि इन दंगों में तृणमूल के चुने हुए प्रतिनिधियों की संलिप्तता अब साबित हो चुकी है।

केन्द्र सरकार का सबूत आधारित आपराधिक न्याय प्रणाली स्थापित करना लक्ष्य

इससे पूर्व केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता के राजारहाट में केन्द्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) की नयी इमारत का उद्घाटन करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार का मुख्य उद्देश्य एक पुख़्ता, सबूत-आधारित आपराधिक न्याय प्रणाली की स्थापना करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दिशा में तकनीक की भूमिका अत्यन्त महत्त्वपूर्ण होगी।
अमित शाह ने कहा, ‘हमारी कोशिश है कि आपराधिक न्याय प्रणाली बहस आधारित नहीं, बल्कि साक्ष्य आधारित हो। इससे न केवल दोषियों को संदेह का लाभ मिलने से रोका जा सकेगा, बल्कि पीड़ितों को भी न्याय सुनिश्चित किया जा सकेगा।’
उन्होंने जोर देकर कहा कि अपराधियों से दो कदम आगे रह कर जांच करना जरूरी है और इसमें आधुनिक तकनीक की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि डीएनए सीक्वेंसिंग की मदद से 20 साल पुराने मामलों को सुलझाया गया है और फॉरेंसिक आॅडिट्स से कई आर्थिक अपराधों का खुलासा हुआ है।
गृह मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि केन्द्र सरकार देश में फॉरेंसिक विज्ञान सुविधाओं के आधुनिकीकरण के लिए करीब 2,800 करोड़ रुपये की परियोजना ला रही है। इसके तहत 200 करोड़ रुपये की लागत से एक राष्ट्रीय फॉरेंसिक डाटा केन्द्र भी स्थापित किया जायेगा, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की सहायता से विशाल डेटा विश्लेषण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल सबूत-आधारित आपराधिक न्याय प्रणाली को और मजबूत बनाने में सहायक होगी।

केन्द्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के नये भवन का गृह मंत्री ने किया उद्घाटन

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता के न्यू टाउन में केन्द्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) के नये भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधा न केवल पश्चिम बंगाल, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत में आपराधिक न्याय प्रणाली को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभायेगी।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला देश में वैज्ञानिक तरीके से अपराध की जांच में सहायता प्रदान करनेवाले प्रमुख संस्थानों में से एक है। न्यू टाउन स्थित नये भवन के चालू होने से डिजिटल फॉरेंसिक, डीएनए जांच, फिंगरप्रिंट विश्लेषण और अन्य तकनीकी विशेषज्ञता से जुड़ीं सुविधाएं अब और सुलभ होंगी।
केन्द्र सरकार की इस परियोजना का उद्देश्य राज्य और पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपराधों के तेजी से और वैज्ञानिक निवारण को सुनिश्चित करना है। इसका लाभ राज्य पुलिस बल, केन्द्रीय जांच एजेंसियों और न्यायपालिका को मिलेगा।
इससे पहले केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मामलों के मंत्री अमित शाह शनिवार शाम दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, विपक्ष के नेता शुभेन्दु अधिकारी, वरिष्ठ नेता अग्निमित्र पॉल और राहुल सिन्हा ने किया।

Share this:

Latest Updates