▪︎ हर विद्यार्थियों तक योजना का पहुंचे लाभ, यही सरकार की प्राथमिकता : चमरा लिंडा
Ranchi News : अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागीय मंत्री चमरा लिंडा ने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की यह प्राथमिकता है कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग के हर छात्र तक योजनाओं का लाभ बिना किसी विलम्ब के पहुंचे। उन्होंने विशेष रूप से प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना एवं साइकिल वितरण योजना की प्रगति की समीक्षा की।
सभी जिलों में छात्रवृत्तियों का भुगतान तेजी से किया जाये
मंत्री चमरा लिंडा ने निर्देश दिये कि सभी जिलों में छात्रवृत्ति का भुगतान तेजी से किया जाये और जिन जिलों में राशि उपलब्ध है, वहां लम्बित मामलों का त्वरित निष्पादन हो।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की बकाया राशि का भुगतान जल्द करें
पिछड़े वर्ग के छात्रों की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की बकाया राशि के संदर्भ में उन्होंने विभाग को भारत सरकार से पत्राचार तेज करने के निर्देश दिये, ताकि छात्र-छात्राओं को समय पर सहायता मिल सके।
योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय सीमा के भीतर हो
चमरा लिंडा ने सभी जिला कल्याण पदाधिकारियों को निर्देश दिये कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। साथ ही, उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर धरातल पर उतारने के निर्देश भी दिये।
कल्याण सचिव कृपानंद झा एवं कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी ने भी योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में विभागीय सचिव कृपा नंद झा, कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी एवं राज्य के सभी जिलों के परियोजना निदेशक (आईटीडीए) एवं जिला कल्याण पदाधिकारी उपस्थित थे।



