Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

पीएम बिहार की 75 लाख महिलाओं के खाते में भेजेंगे ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार’ योजना की राशि

पीएम बिहार की 75 लाख महिलाओं के खाते में भेजेंगे ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार’ योजना की राशि

▪︎ मुख्यमंत्री महिला रोजगार’ योजना के तहत 26 सितम्बर को जारी होगा पहला किस्त

Patna News : केन्द्र सरकार ने बिहार की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलम्बी बनाने के लिए एक महत्त्वाकांक्षी कदम उठाया है। ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार’ योजना के तहत प्रत्येक परिवार की एक पात्र महिला को स्वरोजगार के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जायेगी।

योजना की विधिवत शुरुआत 26 सितम्बर (शुक्रवार) को होने जा रही है। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऑनलाइन जुडेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। इसमें राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) सीधे स्थानांतरण किये जायेंगे। इन महिलाओं के बीच 7500 (साढ़े सात हजार करोड़) रुपये का वितरण किया जायेगा।

इस कार्यक्रम को आयोजित करने को लेकर ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को पत्र जारी किया है। इसमें खासतौर से यह निर्देश दिया गया है कि इस मौके पर संकुल स्तरीय संघ ग्राम संगठन स्तर पर इसे उत्सव के रूप में मनाया जायेगा। योजना का लाभ लेने के लिए अब तक शहरी और ग्रामीण इलाकों की 01 करोड़ 11 लाख 66 हजार महिलाओं ने आवेदन किया है।

यह है योजना का मकसद
यह राशि महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने, छोटे-मोटे व्यवसाय स्थापित करने या मौजूदा व्यवसायों को बढ़ाने में सहायता प्रदान करेगी। इस योजना के तहत दी जानेवाली वित्तीय सहायता से महिलाएं खेती, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई, बुनाई, और अन्य लघु उद्यमों में निवेश कर सकेंगी। स्वरोजगार शुरू कर महिलाएं स्वालम्बी बन सकेंगीं। इससे इनका परिवार भी सशक्त बन सकेगा। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को समान रूप से लाभ पहुंचाना है।

01 करोड़ 07 लाख दीदियों ने किया आवेदन
इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया को सरल रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। इसका लाभ लेने के लिए सिर्फ ग्रामीण क्षेत्र से अब तक 01 करोड़ 07 लाख जीविका दीदियों ने आवेदन किया है। इसके अतिरिक्त 01 लाख 40 हजार से अधिक महिलाओं ने समूह से जुड़ने के लिए आवेदन किया है। निर्धारित प्रावधान के मुताबिक, किसी स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं महिलाएं ही इसका लाभ ले सकती हैं।

शहरी क्षेत्र की 4 लाख से अधिक महिलाओं ने किया आवेदन
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना ने ग्रामीण और शहरी तथा हर वर्ग की महिलाओं में नयी उम्मीद जगायी है। ग्रामीण क्षेत्र के अलावा शहरी इलाके की महिलाएं भी बड़ी संख्या में इसका लाभ लेने के लिए इसमें रूचि दिखा रही हैं। अब तक शहरी इलाकों में कार्यरत 04 लाख 66 हजार जीविका दीदियों ने इसके तहत आवेदन किया है। इसके साथ ही जीविका के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़ने के लिए 04 लाख 04 हजार से ज्यादा शहरी महिलाओं ने भी आवेदन किया है I

ग्रामीण क्षेत्र में यह है आवेदन की प्रक्रिया
एसएचजी से जुड़ीं महिलाएं अपने ग्राम संगठन में आवेदन जमा करेंगी। ग्राम संगठन स्तर पर एक विशेष बैठक आयोजित होगी, जिसमें समूह के सभी सदस्यों का एक समेकित प्रपत्र में आवेदन लिया जायेगा। जो महिलाएं स्वयं सहायता समूह से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें पहले अपने ग्राम संगठन में निर्धारित प्रपत्र में आवेदन देकर समूह में शामिल होना होगा।

शहरी क्षेत्र में यह है आवेदन की प्रक्रिया
शहरी क्षेत्र की महिलाएं जीविका की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। पूर्व से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी शहरी महिलाओं को ऑनलाइन आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी।

Share this:

Latest Updates