Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

National: सिक्किम में छुट्टियां मनाने गये बंगाल के दो परिवारों के 13 लोग सैलाब हादसे के बाद से लापता

National: सिक्किम में छुट्टियां मनाने गये बंगाल के दो परिवारों के 13 लोग सैलाब हादसे के बाद से लापता

जलपाईगुड़ी में तीस्ता नदी से 17 शव बरामद, सिक्किम सैलाब में लापता लोगों के शव होने का संदेह

National news, jalpaiguri news, Kolkata news : सिक्किम में आयी बाढ़ में पश्चिम बंगाल के दो परिवारों के 13 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आयी है। उधर, जलपाईगुड़ी जिले में तीस्ता नदी से 17 शव बरामद किये गये हैं। आशंका है कि ये सिक्किम में आये सैलाब के बाद लापता हुए लोगों के शव हो सकते हैं।

बीरभूम जिले के एक परिवार के 08 सदस्य लापता

सिक्किम में छुट्टियां मनाने आये पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के एक परिवार के आठ सदस्य पिछले छह दिनों से लापता हैं। जानकारी अनुसार, यह परिवार 01 अक्टूबर को सिक्किम गया था। बीरभूम जिले के इलमबाजार में उनके परिवार के सदस्य उनसे 03 अक्टूबर को आखिरी बार सम्पर्क कर सके थे। लापता लोगों में दो महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इस परिवार के एक सदस्य मोहम्मद महफूज रमन के अनुसार, सभी लापता व्यक्ति लिचेन के एक होटल में ठहरे थे। हालांकि, संचार माध्यम में आयी बाधा के कारण उनका उनसे और होटल अधिकारियों से संपर्क टूट गया। उन्होंने स्थानीय इलमबाजार पुलिस स्टेशन को इसके बारे में सूचित कर दिया है। साथ ही, हम राज्य सरकार प्रशासन से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।

झारग्राम के एक परिवार के 05 सदस्य लापता

इस बीच, पश्चिम बंगाल के पश्चिम् मिदनापुर जिले के झारग्राम के एक ही परिवार के पांच सदस्य लापता हैं, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। यह परिवार 01 अक्टूबर से सिक्किम में छुट्टियां मना रहा था। झाड़ग्राम में उनके परिजन न तो उनसे सम्पर्क कर पा रहे हैं और न ही कोई जानकारी मिल पा रही है। इस परिवार के एक सदस्य अरुण रोथ ने बताया कि आखिरी बार उनसे 03 अक्टूबर की रात को संपर्क किया था, तब से उनके मोबाइल फोन बंद हैं। मदद के लिए राज्य प्रशासन से संपर्क किया गया है।

तीस्ता नदी से 17 शव बरामद: राज्य प्रशासन

उधर, राज्य प्रशासन के अनुसार, जलपाईगुड़ी जिले में उफनती तीस्ता नदी से 17 शव बरामद किये गये हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को संदेह है कि इनमें से कुछ शव सिक्किम में तैनात भारतीय सेना के जवानों के हो सकते हैं जो वहां आई बाढ़ के बाद से लापता हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने दावा किया कि पहाड़ियों से बह कर आये और शव बरामद किये जा सकते हैं।

मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हुई

सिक्किम में अचानक आई बाढ़ में मरनेवालों की संख्या बढ़ कर 21 हो गयी है। इनमें छह सैनिक हैं। एक सैनिक को सकुशल निकाल लिया गया है। 103 लोग लापता हैं। नदी में उफान के कारण तीस्ता बेसिन में स्थित डिक्चू, सिंगतम और रंगपो सहित कई कस्बों में भी बाढ़ के हालात हैं।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में 3,000 से अधिक पर्यटकों के फंसे होने की सूचना है। कलिम्पोंग के तीस्ता बाजार क्षेत्र में बड़ी संख्या में इमारतें और वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इमारतों के पुनरुद्धार का कार्य चल रहा है। सेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें तीसरे दिन तीस्ता नदी बेसिन और निचले उत्तर बंगाल में कीचड़ और तेज बहते पानी के बीच लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं।

केन्द्र ने सिक्किम को राज्य आपदा मोचन निधि से अपना हिस्सा जारी करने की दी मंजूरी

केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने सिक्किम में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए राज्य आपदा मोचन निधि से केन्द्रीय हिस्से की 44.80 करोड़ रुपये की दोनों किस्तें जारी करने की मंजूरी दी है। इसके अलावा ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड, बादल फटने और फ्लैश फ्लड के कारण राज्य को हुई हानि का आकलन करने के लिए मंत्रालय ने एक अंतर मंत्रालयी केन्द्रीय टीम (आईएमसीटी) का गठन किया है। 

Share this:

Latest Updates