Gurugram News : सदर थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन एयर होस्टेस से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। वेंटिलेटर पर अचेत अवस्था में दुष्कर्म करने का आरोप अस्पताल के एक कर्मचारी पर लगा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि पीड़ित महिला ने अपने लीगल एडवाइजर की उपस्थिति में सदर थाना पुलिस में शिकायत दी। शिकायत में 46 साल की महिला ने कहा कि वह एक एयरलाइंस में बतौर एयर होस्टेस नौकरी करती है और गुरुग्राम में ट्रेनिंग के लिए आयी हुई थी। यहां एक होटल में ठहरी थी। इस दौरान पानी में डूबने से उसकी तबीयत खराब हो गयी। इसके बाद 06 अप्रैल को उसके पति ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला ने शिकायत में कहा कि 06 अप्रैल को वेंटिलेटर पर रहने के दौरान कक्ष में उसके साथ अस्पताल के किसी कर्मचारी ने दुष्कर्म किया। अस्पताल से 13 अप्रैल को डिस्चार्ज होने के बाद पीड़ित महिला ने अपने पति को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। महिला ने लीगल एडवाइजर की मौजूदगी में पुलिस को अपने बयान दर्ज कराये। इस मामले में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जायेगा। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गुरुग्राम के निजी अस्पताल में वेंटीलेटर पर हुआ एयर होस्टेस से दुष्कर्म, अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Share this:


