सऊदी से आए विमान के टायर से निकली चिंगारी
लैंडिंग के दौरान धुआं फैला, 250 यात्री सवार थे
Lucknow: लखनऊ एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सऊदी अरब से आए एक विमान के पहिए से अचानक चिंगारी निकलने लगी और धुआं फैलने लगा। एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान में यह खराबी आई। विमान में क्रू मेंबर्स समेत 250 यात्री सवार थे। सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट स्टाफ की सक्रियता से सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। दरअसल विमान के पहिए में चिंगारी निकलने के बाद पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाई और फौरन एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को इसके बारे में सूचना दी। इसके बाद एटीसी के भी हाथ-पांव फूल गए और स्थिति पर काबू पाने के लिए तुरंत काम शुरू किया गया।
एयरपोर्ट की फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर फोम और पानी का छिड़काव किया। बताया जाता है कि स्थिति पर नियंत्रण पाने में करीब 20 मिनट का समय लगा। इस बीच भले ही सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को कोई चोट नहीं आई, लेकिन इस दौरान विमान में मौजूद यात्रियों में घबराहट और डर का माहौल देखने को मिला। लखनऊ एयरपोर्ट पर भी अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का आलम रहा।
बताया जाता है कि, सऊदी एयरलाइंस का यह विमान एसवी 3112 हज यात्रा पूरी कर चुके यात्रियों को लेकर सऊदी अरब से लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचा था। यह विमान शनिवार रात 11 बजे के करीब जेद्दा एयरपोर्ट से रवाना हुआ था। सुबह 6 बजे के आसपास जब यह विमान लखनऊ पहुंचा, तो इसकी लैंडिंग सामान्य रही मगर रनवे पर लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी-वे पर आ रहा था, तभी विमान के पहिए चिंगारी निकलती और धुआं उठते देखा गया।



