Bangalore News : कर्नाटक के हासन तालुक में मोसले होसाहल्ली के पास गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हुए एक भीषण हादसे में आठ लोगों की मौत हो गयी और 20 से अधिक अन्य घायल हो गये।
यह दुर्घटना उस समय घटी जब हसन से होलेनरसीपुर जा रहे एक मिनी कैंटर के चालक ने नियंत्रण खो दिया और गणेश विसर्जन का जश्न मना रहे लोगों के जुलूस को कुचल दिया।
मोसाले होसाहल्ली और हिरेहल्ली के ग्रामीण गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल हुए थे। यह हादसा तब हुआ जब एक कैंटर गाड़ी अचानक जुलूस में घुस गयी। मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुर्दाघर में भर्ती कराया गया है। गम्भीर रूप से घायलों को हासन और होलेनरसीपुर के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, तथा इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए कुछ लोगों की हालत गम्भीर बनी हुई है।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए 05-05 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की और कहा कि सरकार घायलों के चिकित्सा खर्च का वहन करेगी।
घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए केन्द्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह इस खबर को सुन कर स्तब्ध हैं और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, मृतक परिजनों को दो लाख की सहायता
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कर्नाटक के हासन में हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यन्त हृदय विदारक है और इस दुखद घड़ी में उनके विचार शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी। हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जायेगी।



