- हरियाणा, मप्र, राजस्थान को अग्निशमन सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए 903.67 करोड़ की मंजूरी
New Delhi news : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति ने वर्ष 2024 में बाढ़ एवं भूस्खलन से प्रभावित असम और गुजरात को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) से 707.97 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केन्द्रीय सहायता मंजूर की है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, यह सहायता राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) में उपलब्ध वर्ष की शुरुआती शेष राशि के 50 प्रतिशत समायोजन के अधीन दी जायेगी। स्वीकृत राशि में से असम को 313.69 करोड़ रुपये और गुजरात को 394.28 करोड़ रुपये प्रदान किये जायेंगे।
समिति ने हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए भी 903.67 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जिसमें से 676.33 करोड़ रुपये केंद्रीय सहायता के रूप में होंगे। इस मद में हरियाणा को 117.19 करोड़ रुपये, मध्य प्रदेश को 397.54 करोड़ और राजस्थान को 388.94 करोड़ रुपये दिये जायेंगे।
गृह मंत्रालय के अनुसार, मोदी सरकार प्राकृतिक आपदाओं और आपात स्थितियों के दौरान राज्य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी है और हरसम्भव सहायता प्रदान कर रही है। यह अतिरिक्त सहायता उन निधियों के अतिरिक्त है, जो पहले ही राज्यों को उनके राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष से उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान केन्द्र ने 27 राज्यों को एसडीआरएफ के तहत 13,603.20 करोड़ रुपये और 12 राज्यों को एनडीआरएफ के तहत 2,024.04 करोड़ रुपये जारी किये हैं।
इसके अलावा राज्य आपदा शमन कोष (एसडीएमएफ) से 21 राज्यों को 4,571.30 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय आपदा शमन कोष से 9 राज्यों को 372.09 करोड़ रुपये जारी किये गये हैं। केन्द्र सरकार का कहना है कि आपदाओं के समय राज्यों को त्वरित राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए पर्याप्त वित्तीय सहयोग प्रदान करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि प्रभावित नागरिकों को शीघ्र सहायता पहुंचायी जा सके।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने दी मोदी को सत्ता में 24 साल पूरे होने की बधाई
केन्द्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सत्ता के शिखर पर 24 साल पूरे करने पर आज बधाई दी और उनके सुदीर्घ, यशस्वी एवं देश के लिए कल्याणकारी शासनकाल होने की कामना की।
रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी और सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यहां कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज ही के दिन नरेन्द्र मोदी ने 24 साल पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और इसके बाद से वह पहले 13 साल गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और उसके बाद प्रधानमंत्री के तौर पर सतत रूप से देश की जनता की सेवा करते आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में सभी ने प्रधानमंत्री मोदी को इसके लिए बधाई दी और उनकी लम्बी आयु, उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हुए उनके सुदीर्घ, यशस्वी एवं देश के लिए कल्याणकारी शासनकाल होने की कामना की।



