New Delhi News: पाकिस्तान के साथ हमने आतंकियों पर कार्रवाई को केवल स्थगित किया है के 51 घंटे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्र को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा, ‘मैं सबसे पहले भारत की पराक्रमी सेनाओं, सशस्त्र बलों, खुफिया एजेंसियों और वैज्ञानिकों को हर भारतवासी की तरफ से सैल्यूट करता हूं। हमारे वीर सैनिकों ने ऑपरेशन के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए असीम शौर्य का प्रदर्शन किया। मैं उनकी वीरता,साहस और पराक्रम को आज समर्पित करता हूं हमारे देश की हर माता-बहन और बेटी को।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते दिनों में दुनिया ने देश का सामर्थ्य और उसका संयम ; दोनों देखा है। पाकिस्तान की तरफ से न्युक्लियर धमकी सहन नहीं की जायेगी। भारत की तीनों सेनाएं सभी हालात से निपटने के लिए तैयार हैं।
पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहे आतंक के आका को भारत ने एक झटके में किया खत्म
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आतंक के बहुत सारे आका बीते ढाई तीन दशकों से खुलेआम पाकिस्तान में घूम रहे थे। वे भारत के खिलाफ साजिशें करते थे। उन्हें भारत ने एक झटके में खत्म कर दिया।’ नरेन्द्र मोदी ने कहा, ‘साथियों, भारत की इस कार्रवाई से पाकिस्तान घोर हताशा-निराशा में घिर गया था…बौखला गया था। इसी बौखलाहट में उसने एक और दुस्साहस किया, आतंक पर भारत की कार्रवाई का साथ देने के बजाय भारत पर ही हमला करना शुरू कर दिया। भारत का मत एकदम स्पष्ट है, टेरर और टॉक एकसाथ नहीं हो सकते…टेरर और ट्रेड एक साथ नहीं चल सकते। पानी और खून भी एक साथ नहीं बह सकते।’ पीएम ने कहा, ‘विश्व समुदाय से भी कहूंगा कि हमारी घोषित नीति रही है कि अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो टेररिज्म पर ही होगी…अगर बात होगी, तो पीओके पर ही होगी।
हर भारतीय शांति से जी सके इसके लिए हमें शक्तिशाली होना जरूरी
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘देशवासियों, आज बुद्ध पूर्णिमा है, भगवान बुद्ध ने हमें शांति का रास्ता दिखाया है। शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर जाता है। मानवता शांति और समृद्धि की तरफ बढ़े, हर भारतीय शांति से जी सके, विकसित भारत के सपने को पूरा कर सके, इसके लिए भारत का शक्तिशाली होना जरूरी है। आवश्यकता पड़ने पर इस शक्ति का इस्तेमाल भी जरूरी है। पिछले कुछ दिनों में भारत ने यही किया है। मैं एक बार फिर भारत की सेना और सशस्त्र बलों को सैल्यूट करता हूं। हर भारतवासी के हौसले, एकजुटता और संकल्प को नमन करता हूं। बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत माता की जय।’
युद्ध के मैदान पर हमने हर बार पाकिस्तान को धूल चटाई है। ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ ने नया आयाम जोड़ा है। हमने न्यू एज वारफेयर में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। इस आॅपरेशन के दौरान हमारे मेड इन इंडिया हथियारों की प्रामाणिकता सिद्ध हुई। दुनिया देख रही है कि 21वीं सदी के वारफेयर में मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट का समय आ चुका है।
100 से ज्यादा आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा
मोदी ने कहा, ‘जब पाकिस्तान में आतंक के अड्डों पर भारत की मिसाइलों ने हमला बोला, भारत के ड्रोंस ने हमला बोला, तो आतंकी संगठनों की इमारतें ही नहीं, हौसला भी थर्रा गया। बहावलपुर और मुरीदके जैसे आतंकी ठिकानें एक प्रकार से ग्लोबल टेररिज्म की यूनिवर्सिटीज रही हैं। दुनिया में कहीं पर भी जो बड़े आतंकी हमले हुए हैं ; चाहे 9/11हो, चाहे लंदन ट्यूब बॉम्बिंग हो या फिर भारत में बड़े आतंकी हमले हों, उन सबके तार इन्हीं आतंक के ठिकानों से जुड़ते रहे हैं। आतंकियों ने हमारी बहनों का सिन्दूर उजाड़ा था, इसलिए भारत ने आतंक के ये हेडक्वार्टर्स उजाड़ दिये। इन हमलों में 100 से ज्यादा खूंखार आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया है। ‘ऑपरेशन सिन्दूर सिर्फ नाम नहीं, देश के कोटि-कोटि लोगों की भावनाओं का प्रतिबिम्ब है। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है। 06 मई की देर रात और 07 मई की सुबह पूरी दुनिया ने इस प्रतिज्ञा को परिणाम में बदलते देखा है। भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों, ट्रेनिंग सेंटर पर सटीक प्रहार किया। आतंकवादियों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि भारत इतना बड़ा फैसला ले सकता है। लेकिन, जब देश एकजुट होता है, नेशन फर्स्ट की भावना से भरा होता है, राष्ट्र सर्वोपरि होता है, तो फौलादी फैसले लिये जाते हैं। परिणाम लाकर दिखाये जाते हैं।’



