Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

बेंगलुरू हादसा: आरसीबी के मार्केटिंग हेड समेत चार गिरफ्तार, न्यायिक आयोग का गठन

बेंगलुरू हादसा: आरसीबी के मार्केटिंग हेड समेत चार गिरफ्तार, न्यायिक आयोग का गठन

Banglore News: बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विजय समारोह के दौरान हुई भगदड़ मामले में पुलिस ने आरसीबी से सम्बन्धित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि इवेंट कम्पनी के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। कर्नाटक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आरोपितों से पूछताछ कर रहे हैं।
चिन्नास्वामी भगदड़ मामले में बेंगलुरु की कब्बन पार्क पुलिस ने शुक्रवार को आरसीबी मार्केटिंग विभाग के प्रमुख निखिल सोसले को गिरफ्तार किया है, जबकि इवेंट कम्पनी डीएनए इंस्टीट्यूट के सुनील मैथ्यू, किरण और सुमंत को हिरासत में लिया गया है। शेषाद्रिपुर अनुमंडल के एसीपी प्रकाश पुलिस चारों आरोपितों से पूछताछ कर रहे हैं। निखिल को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह मुम्बई जाने के लिए एयरपोर्ट जा रहा था।
कर्नाटक पुलिस गिरफ्त में लिये गये लोगों से फिलहाल यह जानने की कोशिश कर रही है कि कार्यक्रम के आयोजन में किन-किन नियमों की अनदेखी की गयी, किसकी अनुमति से आयोजन हुआ और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं? इसके पीछे कौन जिम्मेदार है?
इससे पहले गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उपरोक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने का निर्देश दिया, जिसके बाद स्टेडियम की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार इवेंट कम्पनी के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक चारों से पूछताछ की जा रही है और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम तक उन्हें कोर्ट में पेश किया जायेगा।
उधर, केन्द्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) पुलिस ने कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) के सचिव शंकर और कोषाध्यक्ष जयराम के घरों पर छापा मारा, जिन्होंने बिना अनुमति के आरसीबी की जीत का आयोजन किया। पता चला है कि गिरफ्तारी के डर से दोनों पहले ही लापता हो गये हैं।
इस बीच, भगदड़ के सिलसिले में मामला दर्ज होने के बाद कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) की शासी संस्था ने एफआईआर रद्द करने की मांग करते हुए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। समिति के अध्यक्ष रघुराम भट, सचिव ए. शंकर और कोषाध्यक्ष ई.एस. जयराम द्वारा दायर याचिका पर न्यायमूर्ति कृष्ण कुमार की पीठ के समक्ष शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे सुनवाई होनी है।
कर्नाटक सरकार ने भी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर समेत आठ वरिष्ठ अधिकारियों को निलम्बित कर दिया है और पूरी घटना की जांच सीआईडी को सौंप दी है, साथ ही एक जांच आयोग का भी गठन किया गया है। कर्नाटक के आईपीएस अधिकारी सीमांत कुमार सिंह को बेंगलुरु का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास 04 जून को मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गयी थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गये हैं। इस मामले में कब्बन पार्क पुलिस थाने में आरसीबी, डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स (जो इवेंट की आयोजन कम्पनी थी), कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी थी।

Share this:

Latest Updates