भाजपा ने उत्तर प्रदेश की दो लोकसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए शनिवार को उम्मीदवारों की घोषणा कर दी । भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भोजपुरी गायक और अभिनेता दिनेश लाल यादव “निरहुआ” को फिर से उम्मीदवार घोषित किया है। वर्ष 2019 के आम चुनाव में निरहुआ इस सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अखिलेश यादव के सामने ताल ठोंक चुके हैं। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, रामपुर संसदीय क्षेत्र से घनश्याम लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, दिल्ली व झारखंड में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
अखिलेश यादव के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी सीट
आजमगढ़ लोकसभा सीट सपा प्रमुख अखिलेश यादव के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई है। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में मैनपुरी जिले की करहल सीट से जीत के बाद अखिलेश ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। जिस कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। भाजपा ने भोजपुरी गायक व अभिनेता दिनेश लाल यादव “निरहुआ” पर एक बार फिर से दांव लगाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने निरहुआ को 2 लाख 59 हजार 874 मतों से पराजित किया था। अखिलेश को 6 लाख 21 हजार 578 और निरहुआ को 3 लाख 61 हजार 704 मत मिले थे।
सपा ने दलित चेहरा आनंद को मैदान में उतारा है
समाजवादी पार्टी ने इस सीट पर इस बार दलित चेहरे पर दांव खेला है। सपा ने आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में सुशील आनंद को टिकट थमाया है। आनंद बामसेफ के संस्थापक सदस्यों में रहे बलिहारी बाबू के पुत्र हैं। वहीं, बसपा ने गुड्डु जमाली को मैदान में उतारा है। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के रामपुर लोकसभा सीट से इस्तीफे के बाद वहां भी उपचुनाव हो रहा है। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद आजम खान ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा ने पूर्व विधान परिषद सदस्य घनश्याम लोधी को इस उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है। लोधी आजम खान के करीबी रहे हैं किंतु उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले जनवरी, 2022 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली थी।
झारखंड के मांडर से गायत्री कुजुर को मैदान में उतारा
त्रिपुरा की चार विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा ने टाउन बोरदोवली सीट से प्रो. माणिक शाह, अगरतला से डॉ. अशोक सिन्हा, सुरमा विधानसभा सीट (अजा) से स्वप्न दास पॉल और जुबराज नगर से मालिना देबनाथ को प्रत्याशी बनाया है।आंध्र प्रदेश की आत्मकूर विधानसभा सीट से गुंदलपल्ली भरत कुमार यादव को टिकट दिया गया है। दिल्ली की राजेन्द्र नगर सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा ने राजेश भाटिया को प्रत्य़ाशी बनाया है। आम आदमी पार्टी के नेता व विधायक राघव चड्ढ़ा के इस्तीफे के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। चड्ढ़ा हाल ही में पंजाब से राज्यसभा के सदस्य चुने गये हैं। झारखंड की मंदर विधानसभा सीट (अजजा) पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा ने गंगोत्री कुंजर को अपना उम्मीदवार बनाया है।



