Mumbai news : नासिक जिले की काठे गली इलाके में बुधवार को तडके अवैध सातपीर दरगाह के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया गया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें चार पुलिस अधिकारियों सहित 31 पुलिसकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की गहन छानबीन जारी है।
नासिक के पुलिस उपायुक्त किरण कुमार चव्हाण ने बताया कि अवैध सातपीर दरगाह पर अवैध निर्माण करा लिया गया था। उसे हटाया जा रहा था। तभी भारी भीड़ जमा हो गयी थी। अधिकारी भीड़ को समझाने का प्रयास कर रहे थे, उसी समय अचानक पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने आंसू गैस और हल्के लाठीचार्ज का प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इस मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। भीड़ द्वारा किये गये पथराव में 31 पुलिस अधिकारी मामूली रूप से घायल हुए हैं। भीड़ में शामिल संदिग्ध हमलावरों की 57 बाइकें पुलिस ने जब्त कर ली गयी हैं।



