▪︎ पुलिस की आशंका, छिपाकर रखे गये विस्फोट को उठाने आया था युवक
▪︎ विस्फोटक को किसी वारदात वाली जगह पहुंचाना चाह रहा था स्लीपर सेल
Chandigarh Neŵs : पंजाब के अमृतसर में मंगलवार की सुबह हुए बम धमाके का राज खुल गया है। धमाके में मारा गया व्यक्ति आतंकी पृष्ठभूमि का था। प्रारम्भिक जांच में इस धमाके का आतंकी कनेक्शन सामने आ गया है। धमाके में युवक के चिथड़े उड़ गये। पुलिस ने शरीर के टुकड़े एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे अमृतसर के मजीठा रोड पर स्थित डिसेंट एवेन्यू कॉलोनी के बाहर जबरदस्त धमाका हुआ है। यह धमाका इतना तेज था कि एक व्यक्ति के हाथ व पैर कट कर दूर जा गिरे। धमाके में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धमाके के कारण आसपास के इलाके की झाड़ियों में आग भी लग गयी। विस्फोट की खबर मिलते ही इलाके में हड़कम्प मच गया और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गयी। एफएसएल व बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा। पुलिस की कई टीमें इस मामले की जांच में लग गयीं। पुलिस ने कॉलोनी के लोगों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
अमृतसर के एसएसपी मनिंदर सिंह ने आशंका जतायी है कि यह आतंकी घटना हो सकती है। उन्होंने बताया कि पहले भी कई मामले आये हैं, जिनमें हथियारों की कनसाइनमेंट (खेप) अज्ञात जगह पर रखी जाती थी। आतंकी या स्लीपर सेल के लोग बाद में उसे उठाते हैं। उन्होंने बताया कि शक है कि यह व्यक्ति भी यहां रखा विस्फोटक उठाने आया और तभी धमाका हो गया। पुलिस इसकी हर एंगल से जांच कर रही है।
बॉर्डर रेंज के डीआईजी सतिंदर सिंह ने कहा है कि व्यक्ति यहां पक्का किसी आतंकी संगठन की ओर से रखी गयी हथियारों की खेप उठाने ही आया था। यह ब्लास्ट एक खम्भे के पास हुआ है। आतंकियों ने खम्भे को लोकेशन बना कर यहां हथियारों की खेप छिपाई होगी। मारे गये व्यक्ति की पहचान की जा रही है। उसकी जेब से कुछ सबूत मिले हैं, जिससे साफ हुआ है कि यह आतंकी संगठन के लिए काम कर रहा था। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि इसका किस संगठन से लिंक है। इस घटना के बाद डिसेंट एवेन्यू और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। एक्



