Bijapur News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ लगातार तीसरे दिन भी जारी है। नक्सल विरोधी अभियान में जुटे सुरक्षाबलों ने शनिवार को 05 और नक्सलियों को ढेर कर दिया गया, वहीं उनके शव की बरमदगी के साथ आटोमैटिक हथियार और गोला बारूद भी बरामद किये गये हैं। अब तक इस अभियान में दो शीर्ष नक्सली कैडर गौतम उर्फ सुधाकर और भास्कर उर्फ माइलारापु अडेल्लु सहित कुल सात नक्सली मारे जा चुके हैं।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बीजापुर जिले के नेशनल पार्क के जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान अब तक 05, 06 और 07 जून को हुई विभिन्न मुठभेड़ों के बाद कुल 07 नक्सलियों के शव बरामद किये गये हैं। इनमें सेंट्रल कमेटी सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर और तेलंगाना राज्य कमेटी सदस्य भास्कर के शव भी शामिल हैं। हथियारों और अन्य सामग्रियों की बरामदगी से सम्बन्धित समेकित सूचना प्राप्त होते ही, उसका एक विस्तृत अपडेट साझा किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में 05 जून को एक करोड़ के इनामी केन्द्रीय समिति सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर एवं 6 जून को 45 लाख के इनामी भास्कर को मार गिराया था। इसके अलावा आज सात जून को 5 अन्य नक्सली भी इस कार्रवाई में ढेर किए गए हैं। सुरक्षा बलों द्वारा बरामद पांच अज्ञात नक्सली शवों की पहचान स्थापित करने का प्रयास जारी है। मौके से शव के साथ दो एके-47 राइफल सहित अन्य विस्फोटक, हथियार और गोला बारूद बरामद किये गये हैं।
वहीं, अभियान के दौरान कुछ सुरक्षाबल के जवानों को सर्पदंश, मधुमक्खी के डंक, डिहाइड्रेशन और अन्य अभियान सम्बन्धी कारणों से चोटें आयी हैं। उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय उपचार प्रदान किया जा रहा है। फिलहाल, सभी की स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं। आस-पास के जंगल क्षेत्रों में सर्च अभियान जारी हैं, ताकि शेष अन्य नक्सली कैडरों की खोज की जा सके।
छत्तीसगढ़: बीजापुर में पांच और नक्सली ढेर, अब तक 07 नक्सलियों के शव बरामद

Share this:


