Gola/Ramgarh News: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपने धर्म और संस्कृति को लेकर काफी सक्रिय रहते हैं। अपनी परम्परा को लेकर वह हमेशा रामगढ़ जिला के गोला प्रखंड स्थित अपने पैतृक नेमरा गांव आते रहते हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को बाहा पर्व को मनाने को लेकर हेलीकॉप्टर द्वारा अपने पैतृक आवास गोला के नेमरा पहुंचे। यहां पर्व को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया। इस पर्व में शामिल होने उनके साथ गाण्डेय विधायक कल्पना सोरेन व माता रूपी सोरेन, पूर्व विधायक सह भाजपा नेता सीता सोरेन सहित परिवार के कई सदस्य पहुंचे। इस अवसर पर कल्पना सोरेन ने अपने हाथों से पारम्परिक संथाली पकवान बनाया। वहीं, इस सम्बन्ध में पाहन नकुल बेसरा ने कहा कि चूंकि मुख्यमंत्री हमलोगों के समाज के मांझी हड़ाम हैं, इस कारण प्रत्येक वर्ष गांव की बाहा पूजा में शामिल होते हैं। इस वर्ष उनके दोबारा मुख्यमंत्री बनने से और भी ज्यादा खुशी है। उन्होंने कहा कि इसी दिन से पूजा के उपरांत हमलोग नये फल-फूल का सेवन करते हैं।
गोला प्रखंड के नेमरा गांव पहुंचने पर मुख्यमंत्री का हेलीपैड पर स्वागत करनेवालों में रामगढ़ जिला के उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार मौजूद थे। मुख्यमंत्री को वहां गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू, रामगढ़ विधायक ममता देवी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष विनोद किस्कू, उपाध्यक्ष चित्रगुप्त महतो आदि भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन बाहा पूजा को लेकर अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे

Share this:


