New Delhi news : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अशोका विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद की गिरफ्तारी को भाजपा के डर का प्रतीक बताया है। खड़गे ने कहा कि राष्ट्रीय हित के समय में सशस्त्र बलों और सरकार का समर्थन करने का अर्थ यह नहीं है कि हम उसकी आलोचना नहीं कर सकते।
खड़गे ने सोमवार को ‘एक्स’ पोस्ट में भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय एकता सर्वोपरि है। उन्होंने भाजपा को चेतावनी दी कि वह लोकतंत्र को दबाने का प्रयास न करे। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया और किसी भी व्यक्ति के चरित्र हनन, उत्पीड़न या अवैध गिरफ्तारी की कड़ी निन्दा की।
खड़गे ने कथित तौर पर ट्रोल आर्मी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सब तब शुरू हुआ जब शहीद नौसेना अधिकारी की विधवा, विदेश सचिव और उनकी बेटी को निशाना बनाया गया। इसके अलावा भाजपा सरकार के एक मंत्री ने भारतीय सेना की एक कर्नल के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि भाजपा उन लोगों को खतरे के रूप में देख रही है, जो बहुलवाद का प्रतिनिधित्व करते हैं या सरकार की आलोचना करते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सरकार की आलोचना करना लोकतंत्र का हिस्सा है और इसे कुचला नहीं जाना चाहिए।



