Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस ने शुरू किया ‘नव सत्याग्रह

कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस ने शुरू किया ‘नव सत्याग्रह

▪︎ कांग्रेस को अपनी संगठनात्मक शक्ति बढ़ानी होगी : खड़गे

New Delhi News: कर्नाटक के बेलगावी में गुरुवार को कांग्रेस की विस्तारित कार्य समिति की बैठक में ‘नव सत्याग्रह’ की शुरुआत हो गयी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उद्घाटन भाषण में कहा कि हमें अपनी संगठनात्मक शक्ति को बढ़ाना होगा। हमारे समर्थक जानना चाहते हैं कि हम अपने आप को शक्तिशाली बनाने के लिए क्या करनेवाले हैं? वैसे लोग, जो हमारे समर्थक नहीं हैं, परन्तु केन्द्र सरकार से अपनी उम्मीद खो बैठे हैं, वे भी जानना चाहते हैं कि हम कैसे अपने आप को मजबूत बनायेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने झंडोत्तोलन किया
बैठक शुरू होने से पहले मल्लिकार्जुन खड़गे ने झंडोत्तोलन किया। उससे पहले पार्टी अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने मार्च किया। खड़गे ने बैठक में शामिल पदाधिकारियों और नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि आज कांग्रेस के इतिहास में बहुत सुनहरा दिन है। गांधी जी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के सौवें वर्ष पर बेलगावी (बेलगांव) में महात्मा गांधी नगर में ऐतिहासिक नव सत्याग्रह बैठक हो रही है। 100 साल पहले यहीं 26 दिसम्बर 1924 को 03 बजे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सम्भाली थी। इससे पहले मौलाना मुहम्मद अली जौहर कांग्रेस अध्यक्ष थे। इस मौके पर सेवादल के संस्थापक डाॅ. एनएस हार्डिकर को याद कर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। यहीं से कांग्रेस के इतिहास में रोज सुबह राष्ट्रीय ध्वज समारोह पूर्वक फहराने और शाम को उतारने का सिलसिला आरम्भ हुआ।

कांग्रेस के पास राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और नेहरू की विरासत है
खड़गे ने कहा कि गांधीजी केवल एक बार एक साल के लिए ही कांग्रेस अध्यक्ष बने थे। गांधीजी ने छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ मुहिम को कांग्रेस के मुख्य एजेंडे में शामिल किया। कांग्रेस के पास राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और नेहरू की विरासत है। गांधीजी ने उन दिनों कोहाट और गुलबर्गा जैसे शहरों में हो रहे साम्प्रदायिक दंगों से आहत होकर चिन्ता व्यक्त की थी। आज का सत्ताधारी दल और उनके नेता खुलेआम भड़काऊ नारे देते हैं और उनके बड़े नेता ही समाज में सद्भाव बिगाड़ रहे हैं। समुदायों के बीच नफरत फैला रहे हैं। पिछले 140 वर्षों की यात्रा में पार्टी ने बहुत उतार-चढ़ाव देखे, परन्तु कांग्रेस आज भी गांधीजी के विचारों की रोशनी में उनके सिद्धांतों को समर्पित और उसूलों पर कायम है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक उनका गृह राज्य है। आज हम जब 100 वर्ष पुराने ऐतिहासिक क्षण को पुनर्जीवित कर रहे हैं, तो कर्नाटक में गांधीजी के विचारों की सरकार चल रही है। संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए महात्मा बसेश्वर, महात्मा फुले और बाबा साहेब आंम्बेडकर जैसे महापुरुषों के दिखाये-बताये विचारों पर आगे बढ़ रही है। हमने संसद सत्र में संविधान पर हो रही चर्चा के दौरान बाबा साहेब आम्बेडकर के बारे में गृहमंत्री का घोर अपमानजनक बयान सुना। हमने आपत्ति दर्ज की, विरोध जताया, प्रदर्शन किया। अब तो पूरे देश में प्रदर्शन हो रहा है। किन्तु प्रधानमंत्री और सरकार गलती मानने को तैयार नहीं हैं। अमित शाह से माफी और इस्तीफा लेना तो दूर, उल्टा आपत्तिजनक बयान का समर्थन किया। राहुल गांधी पर झूठा केस दर्ज करा दिया। हम किसी से डरनेवाले नहीं हैं, ना ही झुकनेवाले हैं। हम नेहरू-गांधी की विचारधारा और बाबा साहेब के सम्मान के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे। भाजपा के लोग हमारे ऊपर झूठा आरोप लगाते हैं कि हमने बाबा साहब का सम्मान नहीं किया। सबको मालूम है कि संसद में जो बाबा साहेब की मूर्ति 1967 में कांग्रेस ने लगवायी।

सत्ताधारी दल के लोगों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का अपमान होता रहता है
उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के लोगों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का अपमान होता रहता है। संवैधानिक प्रावधानों और मूल्यों का आदर नहीं होता है। संवैधानिक संस्थाओं को नियंत्रित किया जा रहा है। कभी वोटरों का नाम सूची से काटा जाता है। कभी उनको वोट डालने से रोका जाता है। कभी वोटर सूची संख्या में अचानक वृद्धि हो जाती है। कभी वोट डालने के अंतिम समय में वोट प्रतिशत अप्रत्याशित तरीके से बढ़ जाता है। डाॅ. मनमोहन सिंह की सरकार में हमने किसानों की 72 हजार करोड़ रुपये की ऋणमाफी की। फसल का अधिकतम एमएसपी दिया। उनके हक में भूमि अधिग्रहण कानून बनाया। कई काम हुए। मनरेगा, आरटीआई, भोजन और शिक्षा का अधिकार दिये। आज जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं है। इसलिए हमें इनकी मदद के लिए आगे आना होगा।

भारत जोड़ो यात्रा एवं भारत जोड़ो न्याय यात्रा से देश के बदलव की राजनीतिक को काफी ताकत मिली
खड़गे ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एवं भारत जोड़ो न्याय यात्रा से देश के राजनीतिक वातावरण को बदलने में काफी ताकत मिली। इसलिए हमें अपनी संगठनात्मक शक्ति को बढ़ाना होगा। सन् 2025 हमारे संगठन-सशक्तीकरण का साल होगा। हम संगठन में सभी रिक्त पदों को भरेंगे। उदयपुर घोषणा को पूरी तरह से लागू करेंगे। अपने संगठन को मंडल और बूथ तक चुनाव जीतने के लिए आवश्यक कौशल से सुसज्जित करेंगे। नयी शक्ति को मौका देने की जरूरत है। स्थानीय एवं नये नेतृत्व को भी उभारने की जरूरत है। हम बेलगावी से नये संदेश और नये संकल्प के साथ लौटेंगे।
खड़गे ने मशहूर हिन्दी कवि भवानी प्रसाद मिश्र की कविता के साथ अपना भाषण समाप्त किया, जो इस प्रकार है, “सामान्यतया मौन अच्छा है/मगर चिन्तन के लिए/किन्तु जब चारों ओर शोर हो/सच की हत्या के लिए/तब तुम्हें अपनी बात जोरदार शब्दों में कहनी चाहिए/सिर कटाना पड़े या न कटाना पड़े/तैयारी तो उसकी रहनी चाहिए।”

Share this:

Latest Updates