New Delhi News : चुनाव आयोग ने पंजीकृत एवं गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हाल में 334 ऐसे दलों को गैर सूचीबद्ध करने के बाद अब दूसरे चरण में 476 राजनीतिक दलों की पहचान की गयी है और इनका पंजीकरण रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की गयी है।
चुनाव आयोग ने एक बयान में बताया कि दूसरे चरण में 476 पंजीकृत एवं गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की पहचान की गयी है। यह विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों से हैं। इस प्रक्रिया में किसी तरह की जल्दबाजी और गड़बड़ी न हो, इसके लिए सम्बन्धित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किये गये हैं। इन राजनीतिक दलों को कारण बताओ नोटिस जारी की जायेगी। उन्हें सम्बन्धित सीईओ के आगे सुनवाई का अवसर दिया जायेगा। सीईओ की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर राजनीतिक दलों का पंजीकरण रद्द किया जायेगा।
चुनाव आयोग ने इन राजनीतिक दलों की राज्यवार सूची भी जारी की है। इसमें सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश से 121 हैं। इसके अलावा दिल्ली से 41, मध्य प्रदेश से 44, तमिलनाडु से 42 और बिहार से 15 राजनीतिक दल हैं।




