“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान का राज्य स्तरीय शुभारम्भ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री
महिलाएं आज आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत हैं
जब महिलाएं स्वस्थ होंगी, तभी समाज और परिवार भी सशक्त होंगे
महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और जागरूकता को लेकर सरकार निरन्तर प्रयासरत

रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन बुधवार 17 सितम्बर को सदर अस्पताल, रांची में आयोजित “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के राज्य स्तरीय शुभारम्भ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की नींव रखती है। महिलाओं की भूमिका समाज में अत्यन्त महत्त्वपूर्ण होती है। एक स्वस्थ नारी ही परिवार और समाज को सशक्त बना सकती है। हमारी सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तीकरण को अपनी प्राथमिकता मानती है। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और जागरूकता को लेकर सरकार निरन्तर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आगे कहा कि जब महिलाएं स्वस्थ और सुरक्षित होंगी, तो परिवार मजबूत होगा और आनेवाली पीढ़ी भी स्वस्थ और सशक्त बनेगी। हमारी सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, क्योंकि महिला ही परिवार और समाज की आधारशिला है।
महिलाएं आज आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं आज पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिला कर समाज के हर क्षेत्र में अग्रसर हैं। महिलाएं आज आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से निरन्तर आगे बढ़ रही हैं। रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में महिलाएं अपनी सक्रिय भागीदारी से आत्मनिर्भरता की नयी मिसाल पेश कर रही हैं। स्वरोजगार योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों और सरकारी नीतियों का लाभ उठा कर वे अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ समाज के आर्थिक विकास में भी योगदान दे रही हैं। सामाजिक क्षेत्र में महिलाएं जागरूकता, नेतृत्व और सहभागिता की भूमिका निभा रही हैं। पंचायतों से लेकर उच्च पदों तक उनकी उपस्थिति समाज को नयी दिशा दे रही है।
महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार की ठोस पहल
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज और राज्य मजबूत होगा। इसी उद्देश्य से सरकार ने महिलाओं के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा से जुड़ीं विभिन्न योजनाएं लागू की हैं। इनमें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, मातृत्व लाभ योजनाएं, पोषण आहार वितरण, किशोरियों के लिए स्वास्थ्य व स्वच्छता अभियान और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयास शामिल हैं। ग्रामीण और शहरी ; दोनों क्षेत्रों में महिला स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
शिक्षा के क्षेत्र में छात्रवृत्ति, निःशुल्क शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिये बेटियों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में मातृत्व लाभ योजनाएं, पोषण अभियान और निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।
राज्य की बेटियां हर क्षेत्र में नयी ऊंचाइयां छू रहीं
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आगे कहा कि आज हमारी राज्य की बेटियां शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलकूद के क्षेत्र में नयी ऊंचाइयां छू रही हैं। वे केवल राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। चाहे खेल मैदान हो, शैक्षणिक उपलब्धि हो या चिकित्सा एवं अनुसंधान का क्षेत्र ; झारखंड की बेटियां अपनी मेहनत और लगन से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। यह हम सबके लिए गर्व का विषय है।
इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, आदित्य साहू, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण) सुनील कुमार बर्णवाल समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारीगण, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।



