Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

रांची में सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई गई ईद, नमाज के बाद अमन-चैन की दुआ

रांची में सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाई गई ईद, नमाज के बाद अमन-चैन की दुआ


Ranchi News: मुस्लिम समुदाय का पवित्र त्योहार ईद उल-फित्र सोमवार को रांची समेत पूरे राज्य में सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। शहर की प्रमुख ईदगाहों ; यथा हरमू, डोरंडा, कडरू, राईन मस्जिद और हव्वारी मस्जिद सहित सभी मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की गयी।
ईद की विशेष नमाज के दौरान नमाजियों ने राज्य और देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। ईद की नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिल कर बधाईयां दीं। मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद ज्यादातर लोग कब्रिस्तान में जाकर अपने पुरखों की कब्र पर फातिहा भी पढ़ी। ईद के अवसर पर शहर के गली-कूचा, मुस्लिम बहुल मुहल्लों में रंग-बिरंगी फूलझड़ियों के साथ ही सुन्दर विद्युत सज्जा की गयी थी। कई जगहों पर स्टॉल लगा कर लोगों को ईद की सेवाइयां खिलायी गयीं। त्योहार को लेकर मुस्लिम धर्मावलम्बियों में काफी उत्साह का वातावरण देखा गया।
ईदगाह में ईद नमाज से पूर्व हजरत मौलाना डॉक्टर असगर मिस्बाही ने कहा कि ईद, रमजान के खत्म होने पर शुक्राने के तौर पर मनायी जाती है। ईद खुशी और खाने-खिलाने का दिन है।
मौलाना ने वक्फ संशोधन बिल का विरोध करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार वक्फ बिल को पार्लियामेंट में लाने जा रही है। आॅल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड, जमीयत उलेमा हिन्द और कई संस्थाएं इसके विरोध में हैं। अंदेशा है कि इस बिल से केन्द्र सरकार वक्फ की जायदाद को हड़पना चाहती है। मौलाना ने तिलक, दहेज, सूद और फिजूल खर्ची पर भी बात की।
डोरंडा ईदगाह में हजरत मौलाना सैयद शाह अलकमा शिबली कादरी ने कहा कि ईद अमन, शांति और भाईचारे का पैगाम देती है। ईद का मतलब ही होता है खुशी। वह खुशी, जो जिन्दगी में बार-बार आये। हर व्यक्ति की अपनी ईद होती है। जैसे बीमार व्यक्ति जब ठीक हो जाता है, तो उसकी ईद है। जेल में बंद व्यक्ति जब जेल से छूट जाता है, तो उसकी ईद है।
मस्जिद जाफरिया में हजरत मौलाना हाजी सैयद तहजीबुल हसन रिजवी ने भी मुस्लिम समुदाय के लोगों को सम्बोधित किया।
मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने दी ईद की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने ईद-उल-फितर के अवसर पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अमन, भाईचारे और सौहार्द के त्योहार ईद-उल-फितर के अवसर पर सभी को दिली मुबारकबाद दी है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा है…’आप सभी स्वस्थ, सुखी और खुशहाल रहें, यही दुआ करता हूं।’
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने ईद-उल-फितर के अवसर पर सभी मुस्लिम धर्मावलम्बी भाइयों-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है…’शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे का प्रतीक यह त्योहार आप सबके जीवन में ढेर सारी खुशियां लाये। ईद मुबारक…!’

Share this:

Latest Updates