▪︎ कटिहार, सुपौल, लखीसराय व जमुई में दो-दो की मौत
▪︎ कटिहार-जमुई में तीन-तीन व लखीसराय में दो घायल
Bhagalpur News : पूर्व बिहार, कोसी व सीमांचल में सोमवार देर रात व मंगलवार को हुईं चार अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। कटिहार, सुपौल, जमुई व लखीसराय में दो-दो लोगों की मौत हुई है। कटिहार-जमुई में तीन-तीन व लखीसराय में दो लोग घायल हुए हैं। कटिहार, जमुई व लखीसराय में लोग शादी समारोह से लौट रहे थे, तो सुपौल में भी शादी से संबंधित काम के सिलसिले में दोनों लोग गए थे।
कटिहार में बाराती गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त,दो की मौत
कटिहार जिले के कदवा प्रखंड की परभेली पंचायत के पिपरा गांव से बिजेली जा रहा एक बरात वाहन सोमवार देर रात को सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिपरा निवासी नेवली शर्मा के पुत्र अरुण शर्मा की बरात जा रही थी। इसी बरात में शामिल एक चार पहिया वाहन प्रखंड मुख्यालय के समीप पेड़ से टकराकर दुर्घटना ग्रस्त हो गया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार वार्ड सदस्य राजकुमार शर्मा के 15 वर्षीय पुत्र रितेश शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। भुट्टू शर्मा के 15 वर्षीय पुत्र किशन शर्मा की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हुई। इस घटना में गोविंद शर्मा, टुनटुन शर्मा एवं नवीन शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सुपौल ट्रक- मोटरसाइकिल टक्कर में साला-बहनोई की मौत
सुपौल में भपटियाही-वीरपुर सीमा सुरक्षा सड़क पर नोनपार गांव के पास मंगलवार अपराह्न तेज रफ्तार ट्रक और मोटर साइकिल की टक्कर में साला-बहनोई की मौत हो गई। सुपौल के कर्णपुर की मां भवानी राइस मिल से 12 चक्के के ट्रक पर चावल लादकर वीरपुर ले जाया जा रहा था। भपटियाही थाना क्षेत्र के नोनपार गांव में वीरपुर की ओर से दो मोटर साइकिलों पर चार लोग सवार होकर आ रहे थे। इस दौरान ट्रक चालक अचानक गलत साइड से गाड़ी चलाने लगा। इससे ट्रक की विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक से जबरदस्त टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दरभंगा जिले के बहेरी के उमाकांत राय (57) व मनीगाछी के शशि भूषण राय की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार मृतक के पुत्र मुरारी कुमार ने बताया कि वे लोग विवाह के लिए लड़का देखकर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद ट्रक भी पलट गया।
लखीसराय में सड़क दुर्घटना में दो की मौत
लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा एवं कजरा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। मुंगेर में अपने रिश्तेदार के यहां से शादी समारोह में भाग लेकर आ रहे एक ही परिवार के तीन लोग तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आ गए। इसमें सलेमपुर गांव के मनोज शर्मा की पुत्री वैष्णवी शर्मा (12) की मौके पर मौत हो गई। उसकी मां रजनी शर्मा एवं भाई सुजल शर्मा जख्मी है। उधर कजरा थाना क्षेत्र के पोखरामा गांव में सोमवार की देर रात एक पिक अप वैन की चपेट में आकर किऊल वृंदावन के कुंदन राम की मौत हो गई है। वह शादी समारोह में पोखरमा गया हुआ था।
खैरा-सोनो मार्ग पर पेड़ गिरने से हुआ हादसा
जमुई में खैरा-सोनो मुख्य मार्ग पर हरदी मोह के पास मंगलवार को सड़क पर पेड़ गिरे होने की वजह से बरात से लौट रही आटोरिक्शा रुक गई। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे आटो सवार दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को पटना रेफर किया गया है। मृतकों में डहुआ गांव निवासी ऋषि कुमार और गल्लू कुमार शामिल हैं। डहुआ गांव निवासी संतोष मांझी की बरात हरनाहा आई था। बरात में शामिल होने के बाद आटो से सभी लोग वापस लौट रहे थे। घायल बच्चों में गौतम मांझी, मोदी कुमार व दीपक कुमार शामिल हैं।



