Jharkhand news : पहले शराब पी, फिर जुआ खेलने के लिए पत्नी से पैसा मांगा। जब पत्नी ने पैसे नहीं दिए तो पत्नी का हाथ काट डाला और कटा हाथ ले भागा। यह घटना साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित लोहंडा गांव की है, जहां के बीर मुंडा ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी का हाथ काटने की घटना को अंजाम अपने एक दोस्त के साथ मिलकर दिया। बीर मुंडा की 20 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी देवी दो-तीन दिन पहले ही तमिलनाडु से अपने घर आई थी। वह तमिलनाडु में रहकर सिलाई-बुनाई का काम सीख रही थी। घटना के बारे में विस्तार से नीचे पढ़िए …
पीछे से पकड़ा और हाथ मुंह में घुसेड़ दिया, फिर…
शनिवार की शाम बीर गांव के ही प्रताप उरांव के साथ घर पहुंचा और शराब पीने के लिए सब्जी की मांग की। जब उसने शराब पी ली तो जुआ खेलने के लिए पैसे की मांग करने लगा। जब पत्नी ने पैसा देने से इन्कार कर दिया तो बीर ने उसे पीछे से पकड़ लिया। पहले उसे लगा कि वह मजाक कर रहा है, परंतु इसके बाद उसने अपना एक हाथ लक्ष्मी के मुंह में डाल दिया और प्रताप को धारदार हथियार से उसका हाथ काटने को कहा। जब, प्रताप ऐसा करने में सफल नहीं हुआ तो उसने प्रताप को पत्नी को पकड़ने को कहा और स्वयं धारदार हथियार से उसका दाहिना हाथ काट दिया और दोनों फरार हो गया।
लक्ष्मी अस्पताल में, पति फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
लक्ष्मी की चीख सुनकर आसपास के लोग जुट गए और इसकी जानकारी स्वजन को दी। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लक्ष्मी के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस दोनों की तलाश में छापेमारी कर रही है।



