Purniya News: बिहार में पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टेटगामा वार्ड संख्या-10 में मानवता को झकझोर देनेवाली घटना सामने आयी है। वहां एक ही परिवार के पांच लोगों को गांववालों ने डायन का आरोप लगा कर बेरहमी से पीट-पीट कर मार डाला। इनमें से चार का शव बरामद कर लिया गया है।
घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। जब 50 लोग अचानक बाबूलाल उरांव के घर पहुंचे और उनकी पत्नी सीता देवी को डायन बता कर बांस से पीटना शुरू कर दिया। उनके बेटे सोनू के अनुसार, उसके सामने ही पूरे परिवार को बुरी तरह पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्णिया पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावात सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की निगरानी खुद सम्भाली है।
एसपी के नेतृत्व में छापेमारी जारी है, गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद गांव के अधिकांश लोग घर छोड़ कर फरार हो गये हैं।
पूर्णिया पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत घटनास्थल पर मौजूद हैं। मुफ्फसिल थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा।
बिहार के पूर्णिया में डायन बता कर एक ही परिवार के पांच लोगों की पीट-पीट कर हत्या

Share this:


