▪︎ इंडियन पोस्टल का लिंक भेजकर घर का पता अपडेट करने का दिया झांसा
▪︎ एटीएम से संबंधित सभी विवरण और ओटीपी भी ठगों को दे दिया
Giridih News: हैदराबाद से कुरान शरीफ मंगाने के लिए आनलाइन ऑर्डर करने वाले एक युवक को साइबर ठगों ने 85,300 रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित इमामुल अंसारी, जो बगोदर थाना क्षेत्र के डोरियो गांव का निवासी है, ने एनसीसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाने में आवेदन दिया।
साइबर ठगों ने इमामुल को एक लिंक भेजकर उसके घर का पता अपडेट करने के लिए कहा। जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया, उसके खाते से 85,300 रुपये गायब हो गए। अंसारी ने इंस्टाग्राम पर कुरान शरीफ के लिए दिए गए नंबर पर संपर्क किया और ऑर्डर किया। दूसरी ओर से बात करने वाले ने उसे किसी भी लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी, लेकिन वह ठगों के जाल में फंस गया।
ठगों ने इमामुल के वाट्सएप पर इंडियन पोस्टल का लिंक भेजा और घर का पता अपडेट न होने का हवाला देते हुए उसे अपडेट करने के लिए कहा। लिंक अपडेट करने के लिए 25 रुपये का चार्ज कटने की बात कही गई। पीड़ित ने लिंक खोलकर एटीएम कार्ड का नाम, नंबर, वैधता और पिन नंबर डाला। इसके बाद जन्मतिथि और ओटीपी भी डालने के लिए कहा गया। इस प्रक्रिया के बाद उसके खाते की सारी राशि साफ हो गई। ठगों द्वारा भेजा गया लिंक इंडियन पोस्टल का बना हुआ था, जिसमें इंडिया पोस्ट का लोगो भी था, जिससे अंसारी को विश्वास हो गया कि वह सही लिंक पर अपडेट कर रहा है। इमामुल ने बताया कि घर में दो सदस्यों को पैरालाइसिस अटैक हुआ है और उन्होंने इस राशि का इलाज के लिए जमा किया था, लेकिन ठगों ने उसे ठग लिया।



