▪︎ लाकर खोलने का विरोध करने पर कैशियर की पिटाई, दहशत फैलाने के लिए फायरिंग
▪︎ डीआइजी, एसपी सहित अन्य अधिकारी जांच के लिए पहुंचे
Samastipur News: समस्तीपुर शहर के काशीपुर में बाइक से पहुंचे आठ बदमाशों ने बुधवार की दोपहर 12 बजे बैंक आफ महाराष्ट्र में फायरिंग करते हुए ग्राहकों के गिरवी रखे गए करीब पांच करोड़ के सोने के जेवरात और 15 लाख रुपये लूट लिए। बदमाश खाता खोलने के बहाने बैंक में घुसे थे। गन प्वाइंट पर कर्मियों एवं ग्राहकों को बंधक बना 20 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। विरोध पर कैशियर को पिस्टल के बट से मारकर घायल कर दिया। बदमाशों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच थी। डीआइजी व एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच जांच की। फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए। इस दौरान बैंक कर्मियों और ग्राहकों के मोबाइल फोन तथा सीसी कैमरे की हार्ड डिस्क भी बदमाश उखाड़ ले गए। बैंक में सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं थी। उसका अलार्म भी घटना के बाद नहीं बजा। इसका कारण तकनीकी खराबी बताया गया।
दो बदमाश करंट अकाउंट खोलने के बहाने बैंक के अंदर घुसे थे
बताया गया कि पहले दो बदमाश करंट अकाउंट खोलने के बहाने बैंक के अंदर घुसे। करीब पांच मिनट बाद अन्य छह बदमाश एक साथ अंदर प्रवेश कर गए। उस समय तीन ग्राहक और शाखा प्रबंधक शानू सक्सेना और कैशियर सहित पांच कर्मी मौजूद थे। एक बदमाश शाखा प्रबंधक की केबिन में घुस गया। इसी बीच अन्य बदमाशों ने पिस्टल निकाल ग्राहकों व अन्य बैंक कर्मियों को अपने कब्जे में ले लिया। सभी बदमाशों का चेहरा ढका था। वे स्थानीय भाषा में बातचीत कर रहे थे। बदमाश बैंक कर्मियों को एक केबिन में लेकर चले गए। ग्राहकों को शौचालय के अंदर बंद कर दिया। इसके बाद कैशियर से लाकर खोलने को कहा। उसने विरोध किया तो पिस्टल के बट से उसकी पिटाई की। इसके बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने को लेकर एक राउंड फायरिंग भी की। इसके बाद लाकर रूम का दरवाजा खोलवाया। फिर दोनों लाकर को खुलवा कर रुपये व गोल्ड लोन के बदले ग्राहकों के रखे गए जेवरात लूट ले गए। शौचालय में बंद लोग दरवाजा तोड़कर किसी तरह बाहर निकले। सूचना के करीब आधा घंटे बाद पुलिस पहुंची। एसपी के अलावा सदर एएसपी संजय कुमार पांडेय समेत नगर थाने की पुलिस और डीआइयू की टीम मौके पर पहुंचकर जांच की। संध्या करीब पांच बजे मिथिला प्रक्षेत्र की डीआइजी स्वप्ना गौतम भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली।



