राज्य में जल्द खुलेंगे फूड और मेडिसिन टेस्टिंग लैब : डॉ. इरफान अंसारी
Ranchi news : राज्य सरकार ने झारखंड में नकली दवाइयों के कारोबार पर अब कड़ा एक्शन लिया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट कर दिया है जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करनेवालों को बख्शा नहीं जायेगा, चाहे वे दवा माफिया हों या भ्रष्ट अधिकारी।
दफ कोड के बिना नहीं बिकेगी दवा, नकली दवाइयों पर लगेगी लगाम
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अब दफ कोड ही नकली और असली दवा के बीच की दीवार बनेगा। सरकार ने बड़ी पहल करते हुए 300 महत्त्वपूर्ण दवाओं के लिए दफकोड अनिवार्य कर दिया है। अब पेनकिलर, बुखार की दवा, प्लेटलेट बढ़ानेवाली दवाएं, शुगर व थायरॉयड की दवाएं, गर्भनिरोधक व विटामिन सप्लीमेंट्स जैसी प्रमुख दवाएं दफ कोड के बिना बाजार में नहीं बिकेंगी। यह कोड हर दवा की असली पहचान, निर्माता, बैच नम्बर, मैन्युफैक्चरिंग व एक्सपायरी तारीख की जानकारी देगा, जिससे नकली दवा की पहचान तुरन्त हो सके।
दवा दुकानों को अंतिम चेतावनी, बिना रजिस्ट्रेशन वाली दवा मिली, तो दुकान सील
सभी मेडिकल दुकानों को साफ निर्देश दिये गये हैं कि अगर बिना रजिस्ट्रेशन वाली कोई दवा पायी गयी, तो दुकान का लाइसेंस तुरन्त रद्द होगा।
कफ सिरप का दुरुपयोग युवा पीढ़ी को कर रहा है नष्ट
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बाजार में बिक रहे कई कफ सिरप में पाया जानेवाला कोडीन और अल्कोहल युवाओं को नशे की लत में धकेल रहा है। यह कफ सिरप दवा के नाम पर जहर बन चुका है, जो ब्रेन और लिवर को गम्भीर नुकसान पहुंचा रहा है। मंत्री ने कहा कि कफ सिरप का दुरुपयोग कर युवा पीढ़ी को नष्ट किया जा रहा है, जिसे हर हाल में रोका जायेगा। सभी मेडिकल दुकानों को निर्देश दिये गये हैं कि बिना वैध डॉक्टर की पर्ची के यह सिरप बेचना अपराध होगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
ड्रग इंस्पेक्टर हों सतर्क, अन्यथा कार्रवाई तय
राज्य के सभी ड्रग इंस्पेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से जांच करें। नकली दवा बरामद होने पर सीधी कार्रवाई होगी। जमे-जमाये अफसरों पर गिरेगी गाज, 03 साल से एक ही पोस्टिंग वालों का तबादला तय
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जो अधिकारी एक ही जगह पर वर्षों से जमे हैं, वे व्यवस्था को सड़ा रहे हैं। अब उनका तबादला होगा। मिलीभगत और भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं।
राज्य को मिलेंगे टेस्टिंग लैब, फूड और मेडिसिन की होगी त्वरित जांच
जल्द ही दुमका, रांची, जमशेदपुर और पलामू में अत्याधुनिक फूड एवं मेडिसिन टेस्टिंग लैब स्थापित किये जायेंगे। अब दवाओं और खाद्य पदार्थों की रिपोर्ट राज्य में ही उपलब्ध होगी ; बिना देरी के, बिना गड़बड़ी के।
खाना की गुणवत्ता से समझौता नहीं
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी बड़े मॉल, होटल और रेस्टोरेंट में बिक रहे फूड प्रोडक्ट्स की जांच होगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट, एक्सपायरी और गुणवत्ता की अनदेखी करनेवालों पर तत्काल छापेमारी और कानूनी कार्रवाई होगी।



