New Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिनों के लिए भीषण गर्मी (हीटवेव) को लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। ऐसा ही गर्म दिन अगले दो दिनों तक रहने की सम्भावना है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में लू की स्थिति जारी रहने की सम्भावना है तथा 12 जून तक पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भीषण लू की स्थिति रहेगी तथा उसके बाद यह कम हो जायेगी। 12 जून के बाद से मौसम में बदलाव आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार हफ्ते के अंत में आंधी और बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा, ‘दिल्ली के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 2-3 दिनों तक हीटवेव जारी रहने का अनुमान है। उसके बाद बारिश की गतिविधि के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम
विभाग के मुताबिक, 12 जून से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव की सम्भावना है। इस दिन से आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे और हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इस दिन ‘हॉट एंड ह्यूमिड कंडीशन’ का अनुमान जताया गया है और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसी के साथ मॉनसून सक्रिय अवस्था में रहने की सम्भावना है, जिसके कारण 12-16 जून के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा 13 और 14 जून, 2025 को कोंकण और गोवा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।
भारत में हीट वेव कब घोषित होती है?
मौसम विभाग के अनुसार मैदानी क्षेत्र में जब 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तापमान दर्ज किया जाये, तब हीट वेव की घोषणा की जाती है। तटीय क्षेत्र के लिए 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक और पहाड़ी क्षेत्र में 30 डिग्री या उससे अधिक उष्ण लहर की घोषणा होती है। इसके साथ जब सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री से 6.4 डिग्री की बढ़ोतरी भीषण उष्ण लहर कहलाता है; अर्थात 45 डिग्री से ऊपर का तापमान।
राजधानी में हीट वेव का कहर, अगले दो दिनों के बाद राहत के आसार

Share this:


