Raisen News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में सुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपाल-जबलपुर मार्ग पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार जीप बम्होरी ढाबे के पास बंदर वाली पुलिया से टकराकर 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में जीप में सवार छह लोगों की मौत हो गयी। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चला कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
रायसेन पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह करीब 6.30 से सात बजे के बीच हुआ। यहां बारात लेकर आकर जीप बम्होरी ढावे के पास अनियंत्रित होकर पुलिस से टकरा गयी और लगभग 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। जीप में कुल 09 लोग सवार थे। हादसे में दो महिलाओं, एक बच्ची और तीन पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गयी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ।
घटनास्थल पर पहुंचे रायसेन कलेक्टर और एसपी
रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, एसपी पंकज कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर विश्वकर्मा ने कहा कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। शासन की तरफ से जो मदद मिलेगी, घायलों को दी जायेगी। एसडीओपी अदिति सक्सेना ने बताया कि जीप जबलपुर से इंदौर की ओर जा रही थी। घायलों को सुल्तानपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायसेन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये लोग इंदौर के रहनेवाले थे। परिवार शादी कराने के बाद बिहार के सुपौल जिले से लौट रहा था।



