New Delhi News: भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टैरिफ बढ़ोतरी की धमकियों के संदर्भ में शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के बीच साझा हितों पर आधारित वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है। हमारा ध्यान द्विपक्षीय सम्बन्धों के ठोस एजेंडे पर केन्द्रित है। हमें विश्वास है कि ये रिश्ते आगे बढ़ते रहेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिकी राष्ट्रपति के बदलते हुए तेवर को ज्यादा तूल नहीं देते हुए साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में उक्त बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका सम्बन्ध साझा हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और दोनों देशों की जनता के मेल-मिलाप पर आधारित हैं। यह एक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जिसने विगत वर्षों में अनेक बदलाव और चुनौतियों का सामना किया है।
उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय सम्बन्ध ठोस एजेंडे पर केन्द्रित है तथा हमारा विश्वास है कि इन सम्बन्धों में आगे विकास होता रहेगा। भारत-रूस सम्बन्धों के बारे में राष्ट्रपति ट्रम्प की आपत्तियों को दरकिनार करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी देश के साथ हमारे सम्बन्ध आपसी हितों पर आधारित हैं तथा इन्हें किसी तीसरे देश (रूस) के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत के रूस से कच्चा तेल खरीदे जाने पर ऐतराज जताया था तथा आयात शुल्क वृद्धि और अतिरिक्त पेनल्टी लगाने की चेतावनी दी थी।
भारत-रूस सम्बन्धों पर प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी स्थिर है तथा समय की कसौटी पर खरी उतरी है। अमेरिका की चेतावनी का सीधे रूप से उल्लेख न करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं के सम्बन्ध में हमारा दृष्टिकोण जग जाहिर है। हम बाजार में उपलब्ध संसाधन और अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर नजर रखते हैं।
भारत की सरकारी तेल कम्पनियों ने रूस से तेल खरीदे जाने पर फिलहाल विराम लगाने सम्बन्धी मीडिया रिपोर्टों पर टिप्पणी करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि हमें इस मामले में कोई विशेष जानकारी नहीं है। वहीं, अमेरिका की ओर से ईरान से तेल खरीदने वाली कुछ भारतीय कम्पनियों पर प्रतिबंध लगाये जाने के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा कि इन रिपोर्टों पर हमने गौर किया है।
अमेरिका के साथ मजबूत रक्षा सम्बन्धों की बात करते हुए प्रवक्ता ने रूस के साथ रक्षा सम्बन्धों के महत्त्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘हमारी रक्षा आवश्यकताओं का स्रोत पूरी तरह से हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा अनिवार्यताओं और रणनीतिक आकलन द्वारा निर्धारित होता है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ हमारी एक मजबूत रक्षा साझेदारी है, जो पिछले कई वर्षों से और मजबूत होती जा रही है। 21वीं सदी के भारत-अमेरिका समझौते के तहत इस साझेदारी के और भी मजबूत होने की सम्भावना है। राष्ट्रपति ट्रम्प की ओर से किये गये इस कटाक्ष पर की भविष्य में भारत पाकिस्तान से तेल खरीद सकता है, परन्तु प्रवक्ता ने कोई टिप्पणी नहीं की।
अमेरिका की टैरिफ धमकियों को भारत ने किया नजरअंदाज, कहा- हमारा ध्यान ठोस एजेंडे पर

Share this:


