Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

भारत अद्भुुत देश है, शहनाई के साथ सीमा पर नगाड़े भी बज रहे : शिवराज सिंह

भारत अद्भुुत देश है, शहनाई के साथ सीमा पर नगाड़े भी बज रहे : शिवराज सिंह

▪︎ सीहोर में 572 जोड़ों के सामूहिक विवाह में शामिल हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री
Bhopal News : केन्द्रीय कृषि विकास एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत देश अद्भुुत है, जहां शहनाइयों के साथ-साथ सीमा पर नगाड़े भी बज रहे हैं। भारत की ओर कोई आंख उठा कर देखेगा, तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। आज हमारे नवदम्पति भी भारतीय सेना के साथ खड़े हैं। विवाह एक ऐसा रिश्ता है, जिसमें मिल कर चलना पड़ता है। बेटियों के साथ संकल्प लीजिए कि हम सब देशवासी सरकार और सेनाओं का साथ देकर उनका मनोबल बढ़ायेंगे।

सीहोर की पिपलानी में आयोजित था सामूहिक विवाह सम्मेलन
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान शनिवार को सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भेरूं दा स्थित ग्राम पिपलानी में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में सामूहिक विवाह सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। सम्मेलन में क्षेत्रीय जनजातीय (गोंड) समाज के 572 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में बुधनी विधानसभा में विकास कार्यों को गति देने के लिए 170.42 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी हुआ।
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में मुख्यमंत्री लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना और कन्यादान योजना जैसी सभी कल्याणकारी योजनाएं बखूबी संचालित हो रही हैं, जो पिछली सरकार में शुरू की गयी थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधनी विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं रहने देंगे।

मप्र विकसित राज्य बनने की ओर अग्रसर: सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश विकसित राज्य बनने की ओर अग्रसर है। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री काल में मध्य प्रदेश बिजली आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था में आत्मनिर्भर बना। प्रदेश के गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछा है। यह सिर्फ सामूहिक विवाह सम्मेलन का प्रसंग नहीं है। आज यहां करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी हुआ है। यह इस क्षेत्र के विकास की ओर बढ़ाया गया एक और नया कदम है।
उन्होंने कहा कि पहले बेटियों का विवाह कठिन प्रसंग होता था। बेटी की शादी के लिए गरीबों और किसानों को अपनी जमीन तक बेचनी पड़ती थी, लेकिन केन्द्रीय मंत्री चौहान ने सबसे पहले चंदा जुटाकर गरीब कन्याओं का विवाह कराने की शुरुआत की। बाद में शासन स्तर पर योजना तैयार की गयी और सामूहिक विवाह सम्मेलनों की शुरुआत हुई। आज समाज का हर वर्ग इस योजना के जरिये न केवल फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों से बच रहा है, वरन सामूहिक विवाह सम्मेलनों से समाज में वित्तीय मितव्ययता की प्रवृत्ति को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। सनातन समाज में विवाह केवल दूल्हा-दुल्हन का रिश्ता नहीं है, यह दो परिवारों के लिए भी एक नये सम्बन्ध की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि बुधनी में फोरलेन, मेडिकल कॉलेज और गारमेंट कारखाने स्थित हैं। सलकनपुर में देवीलोक का विकास कार्य भी प्रगति पर है। शुक्रवार को ही दमोह के बांदकपुर में भी देवश्री जागेश्वर महादेव लोक का भूमि-पूजन किया गया है। हमारी सरकार केन्द्रीय मंत्री चौहान द्वारा प्रारम्भ सभी कार्यों को आगे बढ़ा रही है। बुधनी क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भारत एक शक्ति सम्पन्न देश है, जो किसी भी दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने एक बार नहीं तीन-तीन बार सर्जिकल स्ट्राइक की हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने धर्म पूछ कर बहनों का सुहाग उजाड़ा है। अब ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ से आतंकी और उनके ठिकानें ध्वस्त किये जा रहे हैं। भारत की शक्ति को दुनिया देख रही है।

हम भारत माता पर सर्वस्व न्योछावर कर देंगे: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत किसी पर हमला नहीं करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि निर्दोष भारतीयों का खून बहानेवालों को मिट्टी में मिला देंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेनाएं दुश्मन को माकूल जवाब दे रही हैं। सीमा पर जवान तैनात हैं, तो खेतों में हमारे किसान खड़े हैं। उन्होंने कहा कि देश के अनाज भंडार खाद्यान्नों से भरे पड़े हैं, देशवासी कतई चिन्ता न करें और अपनी सेनाओं के साथ मजबूती से खड़े रहें। जब देश के सम्मान का सवाल आता है, तो चैन से नहीं बैठा जा सकता है। हम भारत माता पर सर्वस्व न्योछावर कर देंगे, लेकिन अपनी सम्प्रुभता और सम्मान हर हाल में बनाये रखेंगे।
कार्यक्रम को राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में विधायक आशीष शर्मा व सुदेश राय, पूर्व विधायक रज्जू भैया, समाजसेवी देवीसिंह धुर्वे, दुलारी बाई, विनीता उइके सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, आयोजन समिति के पदाधिकारी, वर-वधू एवं उनके परिजन उपस्थित थे।

Share this:

Latest Updates