New Delhi news : केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब नए दौर का शक्तिशाली भारत दिखाई दे रहा है। भारत के नए दौर में आपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमारी तीनों सेनाओं ने अपने साहस, शौर्य, पराक्रम और वीरता से दुश्मनों को अल्प समय में ऐतिहासिक और करारा जवाब दिया है। आपरेशन सिंदूर के माध्यम से पूरी दुनिया ने हमारी ताकत, एकजुटता और अत्याधुनिक हथियारों का उपयोग देखा। सेना ने आतंकवादियों के मंसूबों को भी नाकाम किया गया है। कोई भी ताकत अब भारत को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया सोमवार को अशोक नगर जिले की तहसील ईसागढ़ में तिरंगा यात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम सब सेना को सम्मान देने के लिए इस यात्रा में एकत्रित हुए हैं। लगातार तिरंगा यात्राओं के माध्यम से सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया जा रहा है। यह तिरंगा यात्रा माधवराव सिंधिया चौराहे से शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ईसागढ़ तक निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत दिखा। यात्रा के दौरान पूरा शहर भारत माता की जय तथा वंदेमातरम् के उदघोष से गुंजायमान होता रहा। यात्रा में बच्चों से लेकर वृद्धों तक हर आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी रही। यात्रा में हर धर्म, हर जाति और हर वर्ग के लोग इस यात्रा में शामिल हुये और उन्होंने अपने राष्ट्रप्रेम की झलक बिखरते हुए सेना के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
ईसागढ़ में 7.3 करोड़ के कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास
इस मौके पर केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को तहसील ईसागढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में 7.3 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 5.67 करोड़ रुपये की राशि के 11 कार्यों का लोकार्पण एवं 1.07 करोड़ रुपये की राशि के 06 कार्यों का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि ग्रामीणजन अपनी मांगों को पूर्ण आशा एवं अभिलाषा के साथ रखते हैं। हम सभी ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक रूप से कार्य करेंगे। ग्राम में बिजली की समस्या के निराकरण के लिए निर्देशित किया कि विद्युत कनेक्शन चाहने वालों का सर्वे कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जमीन की रजिस्ट्री अथवा आधार कार्ड के माध्यम से ही पांच रुपये के शुल्क पर विद्युत के वैध कनेक्शन लगवा सकते है। अंगूरीबाई ने ग्राम खैराई में पानी की समस्?या बताई। सिंधिया ने यहां पीएचई के माध्यम से सिंगल फेज मोटर एवं स्टार्टर हैण्डपम्प में लगवाने का एलान किया। साथ ही उन्होंने ग्राम कालीटोर में तालाब निर्माण का कार्य कराने का भी निर्देश दिया।
आदिवासियों के पारम्परिक नृत्य पर थिरके केन्द्रीय मंत्री
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ग्राम कालीटोर में ग्राम चौपाल में भाग लेने के लिए पहुंचे। इस दौरान ग्राम के आदिवासी समुदाय के लोगों ने पारम्परिक भेषभूशा में आगवानी की। साथ ही केन्द्रीय मंत्री भी आदिवासियों के पारंपरिक नृत्य शैरा में खूब थिरके।



