Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

Jharkhand: राज्य में असीम खेल प्रतिभाएं निहित, प्रोत्साहित करने की आवश्यकता : राज्यपाल

Jharkhand: राज्य में असीम खेल प्रतिभाएं निहित, प्रोत्साहित करने की आवश्यकता : राज्यपाल

मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार, रांची में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे महामहिम

Ranchi latest Hindi news : राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि झारखण्ड राज्य अपार सम्भावनाओं वाला प्रदेश है। इस राज्य में असीम खेल प्रतिभाएं निहित हैं, जिन्हें प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। हमारे युवाओं को प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्हें उत्कृष्टता हासिल करनी होगी। वे यह संकल्प लें कि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। राज्यपाल रविवार को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार, रांची में आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि झारखण्ड राज्य वीरों की भूमि है। यहां भगवान बिरसा मुंडा समेत अन्य महान स्वतंत्रता सेनानी हुए। भगवान बिरसा मुंडा जी का जन्म 1875 ई. में हुआ और वह 1900 ई. में 25 वर्ष की अल्पायु में ही देश के लिए संघर्ष करते हुए शहीद हो गये। लेकिन, लोगों के हृदय में उनका स्थान सदा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद आज मेरा दूसरा कार्यक्रम है। पहला कार्यक्रम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली में हुआ।

झारखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों की चर्चा की

उन्होंने कहा कि इस पावन भूमि ने कई ऐसे खिलाड़ी प्रदान किये हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र का नाम रौशन किया है। यह राज्य महान खिलाड़ी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा जी की भूमि है। वह उस हॉकी टीम के कप्तान थे, जो 1928 के ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने क्रिकेट की दुनिया में बहुत बड़ा नाम अर्जित किया है और अपने खेल से सबको प्रभावित किया।
उन्होंने निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, अरुणा मिश्रा, दीपिका, रूपा रानी तिर्की, लवली चौबे, चंदन कुमार सिंह समेत अन्य खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें आगे लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य को ‘लैंड ऑफ आर्चरी’ एवं ‘लैंड ऑफ हॉकी’ कहा जा सकता है।

खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की

राज्यपाल ने इस तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव के आयोजन के लिए लोकसभा सांसद संजय सेठ को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के बीच खेल को आगे बढ़ाने व एक नया अवसर प्रदान करने की दिशा में यह सराहनीय प्रयास है। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव में भाग लेनेवाले प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस सांसद खेल महोत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीण पृष्ठभूमि के खिलाड़ियों के भाग लेने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा विश्वास प्रकट करते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से कई छुपी हुईं प्रतिभाएं सामने आयेंगी तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्र को गौरवान्वित करेंगी।

मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं

राज्यपाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस प्रकार की पहल ने खेलों के लिए बेहतर माहौल बनाने का काम किया है। अन्य क्षेत्रों में भी इसका आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई सुविधाएं हैं। युवा प्रतिभाओं को संवारने के लिए इन सुविधाओं का पूर्ण उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने युवा खिलाड़ियों में निहित प्रतिभा को निखारने के लिए प्रशिक्षण को नितांत आवश्यक बताया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

प्रतियोगिता में 5000 खिलाड़ियों ने भाग लिया

उक्त अवसर पर लोकसभा सांसद संजय सेठ ने स्वागत भाषण करते हुए कहा कि पूरा देश चाहता है कि ओलंपिक, एशियन, कॉमनवेल्थ सहित अन्य अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक तालिका में ऊपर आये और अधिक से अधिक पदक अर्जित करें। इसके लिए ग्रामों/टोलों में कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में समृद्ध है। इस दिशा में माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान पर सांसदों द्वारा सांसद खेल महोत्सव का आयोजन कर प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों से चलनेवाली इस प्रतियोगिता में लगभग 5000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने राज्यपाल का खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यक्रम में आने हेतु आभार प्रकट किया। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू ने किया।

Share this:

Latest Updates