PATNA NEWS: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू यादव के बड़े बेटे सह विधायक तेजप्रताप यादव की नयी रिलेशनशीप के खुलासे के बाद उनकी पहली पत्नी ऐश्वर्या राय ने प्रतिक्रिया दी है। ऐश्वर्या ने सोमवार को कहा कि लालू परिवार ने उनकी जिन्दगी बर्बाद कर दी। वह इस मामले को अदालत में लेकर जायेंगी।
“लालू परिवार तेज प्रताप को लेकर नाटक कर रहा है”
ऐश्वर्या ने कहा है कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी ने उनकी जिन्दगी बर्बाद कर दी है। जब उन्हें पता था कि उनका बेटा 12 साल से रिलेशन में है, तो उसकी शादी क्यों करायी? क्या यह लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को पता नहीं था? ये लोग नाटक कर रहे हैं कि तेजप्रताप को निकाल दिया गया है।
तेजप्रताप की नयी प्रेम कहानी सामने आने के बाद ऐश्वर्या ने कहा कि जब इन लोगों को पता था कि ऐसी बात है, तो फिर मेरी शादी क्यों करायी और मेरी जिन्दगी क्यों बर्बाद की? मेरे साथ मारपीट क्यों की? अभी इनका सामाजिक न्याय कहां चला गया है? ये सब लोग मिले हुए हैं और कोई अलग नहीं हुआ है। कल (रविवार को) भी राबड़ी देवी अपने बेटे के पास गयी होंगी और उसके आंसू पोछी होंगी ; कहा होगा…’अभी शांत रहो, सब हम ठीक कर देंगे।’ बिहार में चुनाव होना है, इसलिए इन लोगों ने ऐसा ड्रामा किया है।
“लालू परिवार से पूछा जाना चाहिए कि मेरी जिन्दगी बर्बाद करने की क्या जरूरत थी “
एश्वर्या ने कहा, ‘मुझे मीडिया के जरिये इस बात की जानकारी हुई है। तेजप्रताप के रिलेशन के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं थी। लालू परिवार के लोगों को बताना चाहिए कि मेरी जिन्दगी बर्बाद करने की क्या जरूरत थी? तेजस्वी यादव कह रहे हैं कि भाई को निकाल दिया, तो वे लोग बतायें कि मेरा क्या होगा?’ उन्होंने कहा, ‘आगे क्या होगा, वह कोर्ट की बातें हैं। वह हम कोर्ट में चर्चा करेंगे।’
ऐश्वर्या ने कहा, ‘किसी लड़की की इज्जत को उछालना आसान होता है, इसलिए ऐसे लोग अपने बेटे की गलतियों को छिपाने के लिए लड़की पर इल्जाम डाल देते हैं। ये सब लोग मिले हुए हैं और केवल नाटक कर रहे हैं कि तेजप्रताप को पार्टी से और परिवार से निकाल दिया है, लेकिन इन्हें बताना चाहिए कि मेरे साथ सामाजिक न्याय कब करेंगे?’



