Baghmara / Dhanbad : महुदा क्षेत्र के पत्थरगढ़िया में महागठबंधन प्रत्याशी जलेश्वर महतो के पक्ष में चुनावी सभा करने पहुंचे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भाजपा पर जम कर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने वैसे प्रदेशों की उपेक्षा की, जहां भाजपा की सरकार नहीं है। देश के किसानों को आत्महत्या करने पर मजबूर कर दिया। सरकार चलाने में जितनी चुनौतियों को सामना हमने किया, उतना किसी ने भी नहीं किया। शुरुआत के ढाई साल कोरोना महामारी ने खा लिया। कोरोना के उस भीषण महामारी में हमने अपने राज्य को तो बचा लिया, लेकिन राज्य को इसके लिए बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। क्षेत्र के टाइगर कहे जानेवाले जगन्नाथ महतो तथा हाजी हुसैन अंसारी को कोरोना ने अपना निवाला बना लिया। लेकिन, इस सरकार को प्रदेश की महिलाओं का भरपूर साथ मिला। कोरोना में महिलाओं ने गांव-गांव में जाकर गरीबों को घर-घर पहुंचा कर खाना खिलाया। हमने भी प्रदेश की माता-बहनों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से सम्मान देने का काम किया। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की चौथी किस्त भी माता-बहनों के खातों में भेज दी गयी है। हम लोग फिर से महागठबंधन सरकार बनाने का संकल्प लेते हुए यह विश्वास दिलाते हैं कि नयी सरकार बनने के बाद सभी माता-बहनों के खातों में दिसम्बर महीना से 2500 रुपये भेजे जायेंगे।
” भाजपा से यह पूछना चाहिए कि 20 वर्षों में भाजपा ने क्या किया..? “
वहीं, भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए सीएम ने कहा कि भाजपा से यह पूछना चाहिए कि 20 वर्षों में भाजपा ने क्या किया..? भाजपा ने 20 वर्षों में मात्र 600 करोड़ खर्च किया, जबकि हमने मात्र 04 साल में 11 हजार करोड़ बांटने का काम किया। इतना ही नहीं, आपके बिजली का बिल का बोझ भी मौजूदा महागठबंधन सरकार ने अपने कंधे पर ले लिया। 200 यूनिट तक बिजली बिल माफ कर दिया गया। रोटी, बेटी और माटी की बात करनेवाले असम के मुख्यमंत्री मणिपुर पर क्यों नहीं बोलते, जहां महिलाओं को निर्वस्त्र करके सरेआम घुमाया गया ? प्रधानमंत्री मणिपुर क्यों नही गये ?
“सोच-समझ कर मतदान नहीं किया,तो दिल्ली के लोग झारखंडियों का हक और अधिकार खत्म कर देंगे “
जनता को सावधान करते हुए हेमन्त ने कहा कि यदि सोच-समझ कर मतदान नहीं किया, तो दिल्ली के लोग हम झारखंडियों का हक और अधिकार खत्म कर देंगे। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि महागठबंधन के प्रत्याशी जलेश्वर महतो को वोट देकर जितायें और फिर से एक बार झारखंड में महा गठबंधन की मजबूत सरकार बनायें।
मंच पर जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, प्रखण्ड अध्यक्ष बलराम महतो, राजेश राम, कन्हाई चौहान, अशोक प्रकाश लाल, राजकुमार महतो एवं असलम मंसूरी (राम रहीम), शौकत खान, राजेन्द्र प्रसाद राजा, कारू यादव, हरेन्द्र चौहान, रतिलाल टुडू, मासूम खान आदि कई गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।



