घायल को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए भेजा धनबाद अस्पताल
Dhanbad news : बाघमारा थाना क्षेत्र के फुलारीटांड़ डुमरा मोड़ बीसीसीएल बरोरा एरिया वन के क्षेत्रीय कार्यालय डुमरा मोड़ में सोमवार की रात बाइक सवार ने मंदरा के पूर्व मुखिया शंकर बेलदार को गोली मार दी। स्थानीय लोग उसे आनन-फानन मे इलाज के लिए धनबाद असर्फी अस्पताल ले गये।
इधर, घटना के बाद स्थानीय दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गये, जहां उसकी स्थिति चिन्ताजनक बतायी जा रही है। क्षेत्र में चर्चा है कि क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। सूचना पाकर बाघमारा पुलिस सहित वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पहुंच मामले की छानबीन करने में जुट गयी है। यह क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि बाघमारा क्षेत्र के एक अवैध खनन स्थल पर अपना वर्चस्व जमाने को लेकर क्षेत्र में तनाव चल रहा था। सोमवार को शंकर अपने सहयोगियों के साथ डुमरा मोड़ पर खड़ा था, जहां दो बाइक पर चार लोग सवार होकर आये। इसके बाद उस पर गोली चला दी। शंकर बेलदार क्षेत्र में कोयला भट्ठा का संचालन करता है। एक साल पूर्व भी कोयले के कारोबार में दबिश बनाने को लेकर अपराधियों ने शंकर बेलदार के चालक की गोली मार कर हत्या कर दी थी। वहीं, कुछ माह पूर्व बरोरा चेक पोस्ट के पास दो गुटों मे मारपीट हो गयी थी।वहां एक गुट ने शंकर बेलदार के बेटे की पिटाई कर बुरी तरह घायल कर दिया था। शंकर बेलदार मंदरा पंचायत के पूर्व मुखिया व वर्तमान मुखिया का पति है।
घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार, तोपचांची इंस्पेक्टर असीम कमल टोपनो, कतरास थाना प्रभारी आसित कुमार सिंह, बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार और बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दो बाइकों पर सवार चार अपराधी डुमरा एरिया ऑफिस के पास पहुंचे।उनलोगों ने शंकर बेलदार को आवाज लगायी और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में शंकर को कमर और पैर में चार गोलियां लगी हैं। पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किया है और घटनास्थल के आसपास सर्च अभियान जारी है। साथ ही, एरिया गार्ड से पूछताछ की जा रही है।



