Nagpur news : दो दिन पूर्व हिंसा मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड को बुधवार तड़के यशोधरा नगर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को कोर्ट में पेश कर 21 मार्च तक के लिए कस्टडी रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इस मामले में दर्ज एफआईआर में हिंसा को पूर्वनियोजित बताया गया है।
नागपुर हिंसा मामले में पुलिस के आला अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने हिंसा मामले में 51 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दंगों की जांच कर रही पुलिस ने आरोपित फहीम शमीम खान को बुधवार सुबह उसके यशोधरा नगर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित हिंसा के बाद से अपने घर में छुपा हुआ था। पुलिस ने आरोपित को स्थानीय कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने 21 मार्च तक आरोपित फहीम खान को कस्टडी रिमांड पर पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
दरअसल, बजरंग दल व विहिप के कार्यकर्ताओं ने 17 मार्च सुबह औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शन के बाद फहीम खान सबसे पहले 30 से 40 लोगों को लेकर पुलिस थाना गया था। इस दौरान फहीम खान ने पुलिस के समक्ष विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरोप लगाये। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। इसके बाद भी फहीम खान ने फिर से भीड़ इकट्ठा कर इलाके में तनाव पैदा करना शुरू कर दिया। इसके बाद ही उपद्रव शुरू हुआ और हिंसा भड़क गयी थी। पुलिस के अनुसार उपद्रव करनेवालों में फहीम शमीम खान सबसे आगे रहा। पुलिस के अनुसार फहीम खान प्रदर्शनकारियों को यह कहकर भड़का रहा था कि पुलिस हिन्दू समुदाय से है और उनकी मदद नहीं करती। इसी के बाद हालात और भी बिगड़े थे। कक्षा 10 तक पास फहीम खान पिछला लोकसभा चुनाव भी लड़ चुका है।
नागपुर हिंसा का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कोर्ट ने फहीम को 21 मार्च तक पुलिस रिमांड पर दिया

Share this:


