Ranchi news : मौसम विभाग ने 18 जून बुधवार के लिए तो अलर्ट किया ही था, 19 जून गुरुवार के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें भारी बारिश, तेज हवाओं और सम्भावित आपदा की चेतावनी दी गयी है। इस गम्भीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी सम्बन्धित विभागों और नागरिकों को सतर्क रहने और आपातकालीन तैयारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
आपातकालीन तैयारियों को लेकर निर्देश
जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) को निर्देश देते हुए सभी मुखिया समूहों के माध्यम से रेड अलर्ट और सुरक्षा उपायों से सम्बन्धित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये गये।
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चला कर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और आपातकालीन किट तैयार करने को लेकर निर्देश दिये गये हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ/डीएसई) ने दिये निर्देश
स्कूलों के संचालन पर कड़ी निगरानी रखें। मौसम की स्थिति के आधार पर स्कूलों को बंद करने या ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन का निर्णय तुरन्त लेने के निर्देश दिये गये। स्कूल परिसरों में जलभराव या अन्य जोखिमों की स्थिति पर त्वरित कार्रवाई करें। क्षेत्रीय निगरानी समितियों (आरएमसी) के साथ मिल कर जाम नालियों, रुके हुए पानी और गिरे हुए पेड़ों की स्थिति पर नजर रखने और जल निकासी की व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की तैयारी रखने के भी निर्देश दिये गये हैं।
उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) ट्रैफिक/जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) यातायात की स्थिति पर विशेष ध्यान देने खासकर टूटे हुए वाहनों, दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों और बारिश के कारण बह गये सड़कों/पुलों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक संसाधनों को तैनात करें और नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने के निर्देश दिये हैं।
नागरिकों के लिए दिशा-निर्देश
– सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे मौसम विभाग के अलर्ट का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
– आपातकालीन स्थिति में नजदीकी प्रशासनिक कार्यालय या हेल्पलाइन नम्बर पर सम्पर्क करें।
– अपने घरों में पानी, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य आवश्यक सामग्री तैयार रखें।
अन्य विभागों के लिए निर्देश
सभी सम्बन्धित विभागों को सतर्क रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिये गये हैं। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।
जिला प्रशासन स्थिति पर निरन्तर नजर रखे हुए है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हरसम्भव कदम उठा रहा है।



